सरकारी ऑफिस में रिश्वत की डील ; ACB ने कृषि उपनिदेशक को घूस लेते रंगे हाथ दबोचा, मौके पर मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 08:00 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति से काम कर रही है लेकिन हरियाणा सरकार में बड़े पदों पर बैठे भ्रष्ट अधिकारी सरकार की इस नीति पर सवालिया निशान लगाने में जुटे हैं। आज हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो रोहतक की टीम ने सोनीपत कृषि विभाग में उपनिदेशक के पद पर तैनात पवन शर्मा नाम के अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है और उसे कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके। यह कार्रवाई सोनीपत निवासी राजकुमार की शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी पवन शर्मा होलसेल लाइसेंस जारी करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता से पहले ही 50 हजार रुपये ले लिए गए थे और बाकी राशि लेते समय एसीबी ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

एसीबी रोहतक की टीम ने यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में की। जैसे ही पवन शर्मा ने अपने दफ्तर में 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना SV&ACB, रोहतक में एफआईआर नंबर 11 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले में और गहराई से पूछताछ की जा सके। फिलहाल एसीबी टीम पवन शर्मा से लगातार पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static