यमुना में आए पानी से बहा अस्थायी पुल, डंपर भी फंसा(Video)

punjabkesari.in Thursday, Jun 07, 2018 - 10:55 AM (IST)

यमुनानगर (त्यागी): ऊपरी क्षेत्र में तेज आई बरसात के चलते यमुना में पानी का जल स्तर बढऩे से यमुनानगर से दमोपुरा, टापू मार्ग पर यमुना नदी के मंडौली घाट पर बनाया गया अस्थायी पुल (पटरी) जल स्तर की चपेट में आने से बह गया। इसी दौरान खनन सामग्री से लदा एक डम्पर भी यमुना नदी में फंस गया क्योंकि वह उस समय इस पटरी से निकलने का प्रयास कर रहा था। लोगों ने बताया कि पानी का बहाव बहुत तेज था जोकि इस अस्थायी पुल को बहा ले गया। 

हालांकि कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार यमुना में पानी का बहाव 9 हजार 352 क्यूसिक तक रहा। जबकि बरसात से पहले यह बहाव केवल 1348 क्यूसिक था। मिली जानकारी के अनुसार 9 हजार 352 क्यूसिक पानी को पश्चिमी यमुना नहर में 6 हजार क्यूसिक व ईस्टन नहर में 3 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया, जबकि यमुना में कोई पानी छोड़ा ही नहीं गया था। इससे साफ जाहिर है कि यमुना में जो पानी आया वह या तो यहीं हुई बरसात का था या फिर अन्य आसपास के नालों का। भारी मुश्किलों के बाद यमुना में फंसे इस डम्पर को बाहर निकाला गया। फिलहाल यह रास्ता बंद हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

बरसात ने किया मौसम खुशहाल
रात को अचानक तेज बरसात आने से मौसम में बदलाव हुआ और तापमान काफी नीचे गिर गया। रात अचानक आई बरसात से दिनभर मौसम खुशहाल रहा और लोगों ने भी राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ रहा था और गर्म हवा ने लोगों का जीना मुश्किल किया हुआ था। तापमान 44-45 डिग्री के पार पहुंच रहा था। रात व सुबह तक हुई इस बरसात ने मौसम को सुहावना बना दिया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nisha Bhardwaj

Recommended News

Related News

static