टूटे सीवर से बेहाल है वार्ड-35, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करते अधिकारी

punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 06:04 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम के वार्ड-35 के लोग इन दिनों टूटे सीवर के कारण काफी परेशान हैं। टूटे सीवर से निकलता पानी घरों के आगे भर रहा है जिसके कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। भाजपा के नवीन मंडल महामंत्री युवा मोर्चा राव महेंद्र सिंह ने कहा कि निगम अधिकारियों की लापरवाही ने पूरे वार्ड को बदहाल कर दिया है। सबसे ज्यादा दिक्कत बरसात के दिनों में होती है। जब पूरा सेक्टर जलमग्न हो जाता है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

राव महेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ड के अंतर्गत सेक्टर-40, सेक्टर-39, मोहियाल कॉलोनी व आसपास का एरिया आता है। इस क्षेत्र की पहचान टूटे व उफनते सीवर हो गए हैं। कई स्थानों पर हालात यह है कि पानी सड़कों पर बहता रहता है। इसके लिए कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। कई सीवर बंद पड़े हुए हैं। हालात देखकर ऐसा लगता है कि मानों लोगों ने किसी सेक्टर में नहीं बल्कि स्लम एरिया में अपना आशियाना बनाया है। बरसात के दिनों में तो वह घर पर कैद हो जाते हैं। सड़कों पर भरे पानी के कारण उन्हें सबसे अधिक दिक्कत होती है। टूटे सीवर के कारण आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। 

 

 भाजपा नेता राव महेंद्र सिंह ने कहा कि जिस तरह से क्षेत्र के हालात हो गए हैं उससे देखकर लगता नहीं है कि कोई भी अधिकारी लोगों की समस्या का समाधान कराने के लिए कार्य कर रहा है बल्कि यहां हर काम की लीपापोती की जा रही है। उन्होंने निगम कमिश्नर व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि वह क्षेत्र की तरफ ध्यान देकर लोगों को समस्या से समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि इस मौसम में यदि सीवर की सफाई करा दी जाए और टूटे सीवर की मरम्मत करा दी जाए तो लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही बरसात में भी लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pawan Kumar Sethi

Related News

static