बुलेट से निकाला ''पटाखा'' तो ढीली हुई जेब: रेवाड़ी पुलिस ने बाइक जब्त कर ठोका 25,500 का भारी-भरकम जुर्माना
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 08:53 AM (IST)
रेवाड़ी(महेंद्र भारती): यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना नंबर प्लेट और पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर 25 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को कड़ा संदेश दिया गया है।
रेवाड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना नंबर प्लेट, अधूरी या अस्पष्ट नंबर प्लेट तथा नंबरों से छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी वाहन चालकों को अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना जरूरी है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों के दस्तावेज व नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।