कुरुक्षेत्र में सरपंच पद के लिए उपचुनाव, 2 उम्मीदवारों में सीधी टक्कर
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 02:53 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (रणदीप) : कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा के गांव बोडा में सरपंच पद के लिए उपचुनाव में मतदान हो रहा है। गांव की राजनीति पिछले करीब एक साल से गर्म है, क्योंकि यहां के पूर्व सरपंच को फर्जी 10वीं की मार्कशीट के मामले में पद से हटाया गया था। अब उसी सीट पर 2 उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है।
रामचंद्र ने 3 वोट से जीता था पिछला चुनाव
पिहोवा के एसडीएम अनिल कुमार दून ने कहा कि बोडा गांव में सरपंच पद के लिए उपचुनाव चल रहा है। दोपहर 12 बजे तक 450 से ज्यादा वोट पोल हो चुकी है। यहां पिछली बार के कैंडिडेट गुरदेव पुरी और अमरीक सिंह के बीच मुकाबला है। गांव के पहले सरपंच रामचंद्र को 10वीं की फर्जी मार्कशीट के चलते हटाया गया था। रामचंद्र ने 3 वोट से पिछला चुनाव जीता था। उपचुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा गांव सरस्वती खेड़ा कॉलोनी के वार्ड नंबर-6 में पंच पद के लिए वोटिंग जारी है। आज शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
पिछली बार के कैंडिडेट के साथ मुकाबला
गांव बोडा में सरपंच पद के लिए गुरदेव पुरी और अमरीक सिंह आमने-सामने हैं। गुरदेव पुरी ने पूर्व सरपंच रामचंद्र के खिलाफ भी सरपंची के लिए चुनाव था। उस चुनाव को रामचंद्र की तीन वोट से जीत लिया था। रामचंद्र को हटाने के बाद पंच देवीचंद को गांव का कार्यकारी सरपंच नियुक्त किया गया था।
सरपंच चुनाव के लिए प्राइमरी स्कूल बोडा और सरस्वती खेड़ा कॉलोनी में पोलिंग बूथ स्थापित किया गया है। दोनों स्थानों पर एक-एक बूथ बनाया गया है। जिले में कुल एक सरपंच और 23 पंच पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी। नामांकन वापसी के बाद 14 पंच निर्विरोध चुन लिए गए। वहीं 8 पंच पद ऐसे रहे, जहां कोई नामांकन ही दाखिल नहीं हुआ। अब केवल बोडा सरपंच सीट और सरस्वती खेड़ा कॉलोनी के वार्ड नंबर-6 में मतदान करवाया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)