भाई के संस्कार में भारत पहुंचे मौत का ग्रास बने NRI का मामला, सड़क पर बने गड्ढे ने ली थी जान, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 01:13 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल  शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में थाना इस्माईलाबाद क्षेत्र में हिसार–चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर जलबेड़ा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय एनआरआई गुरदीप सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने सड़क निर्माण और सुपरविजन कंपनी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसा सड़क पर बने गहरे गड्ढे की वजह से हुआ, जिसे समय रहते ठीक नहीं किया गया।

मृतक के बेटे विक्रमजीत सिंह (41) निवासी सतोड़ा ने बताया कि वे पिछले करीब 22 वर्षों से जर्मनी में रहकर रेस्टोरेंट का काम करते हैं। 23 फरवरी को उनके ताया एवं पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह के निधन के बाद वे अपने पिता गुरदीप सिंह के साथ जर्मनी से भारत आए थे। 25 फरवरी को अंतिम संस्कार के बाद गुरदीप सिंह अपने भतीजे जगविंदर के साथ बाइक से ससुराल गांव न्यायदमपुर (पटियाला) गए थे। वहां से लौटते समय वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घर वापस आ रहे थे। शाम करीब 6 बजे इस्माईलाबाद पार करते हुए गुरुद्वारा साहिब के सामने सड़क पर अचानक गहरा गड्ढा आ गया। गड्ढे से बचने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर साइड में बनी पुलिया के ब्लॉक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन करीब 90 डिग्री घूम गया। गुरदीप सिंह को गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं। आसपास के लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर पिहोवा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गुरदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। जगविंदर को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।

विक्रमजीत सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी की लापरवाही ने उनके पिता की जान ले ली। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में विक्रमाजीत  की शिकायत पर थाना इस्माईलाबाद पुलिस ने सड़क बनाने वाली कंपनी सुपरविजन के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static