सड़क हादसा: तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, बड़े भाई की गोद में छोटे ने तोड़ा दम
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 12:07 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के करुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मीरी-पीरी अस्पताल के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय अनूप कुमार निवासी हैफेड कॉलोनी, शाहाबाद के रूप में हुई है। अनूप स्थानीय पेट्रोल पंप पर कार्यरत था और अपने भाई व तीन बहनों में सबसे छोटा था। घायल 16 वर्षीय निखिल, निवासी माजरी मोहल्ला, शाहाबाद को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
खाना खाने निकले थे दोनों दोस्त
अनूप के बड़े भाई अनुज कुमार (27) ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे अनूप और उसका दोस्त निखिल स्कूटी पर खाना खाने के लिए ढाबे की ओर जा रहे थे। वे सर्विस रोड से गुजर रहे थे और अनुज भी अपनी बाइक पर उनके पीछे-पीछे चल रहा था। जैसे ही वे मीरी-पीरी अस्पताल के पास पहुंचे, सामने से आई तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने अनूप की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
भाई की गोद में तोड़ा दम
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। अनूप के सिर में गंभीर चोट आई और अधिक रक्तस्राव होने लगा। निखिल के सिर में भी चोट आई। अनुज ने तुरंत बाइक रोककर दोनों को संभाला, लेकिन उसकी आंखों के सामने ही अनूप ने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन में मीरी-पीरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनूप को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बुलेट चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। अनूप की मौत से परिवार में शोक की लहर है।