सुरक्षा में चूक करने वाले होटल पर कार्रवाई, बिना पुलिस को सूचना दिए ठहराए विदेशी नागरिक, केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 07:35 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान गुरुग्राम पुलिस और गुप्तचर इकाई ने दो अलग-अलग होटलों में विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े गंभीर नियमों के उल्लंघन को पकड़ा। विदेशी नागरिकों की जानकारी छिपाने और बिना सी-फार्म भरे उन्हें ठहराने पर दोनों होटलों के प्रबंधकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
खेड़की दौला थाना पुलिस ने पांच अगस्त को सेक्टर-84 स्थित एलान मॉल के होटल रमाडा एंकोर में जांच की। वहां मौजूद मैनेजर ज़ाहिर अली निवासी अलीगढ़, यूपी से जब एंट्री रजिस्टर और विदेशी नागरिकों की सूची मांगी गई, तो जांच में पाया गया कि रजिस्टर के छह अलग-अलग सीरियल नंबरों पर दर्ज विदेशी नागरिकों के सी-फार्म का रिकॉर्ड सही नहीं था। वहीं नौ जून से 4 अगस्त 2026 की समरी लिस्ट के 41 सीरियल नंबरों पर दर्ज विदेशी नागरिकों की एंट्री मुख्य रजिस्टर में गायब मिली। पुलिस ने रजिस्टर व लिस्ट जब्त कर मैनेजर के खिलाफ थाना खेड़की दौला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में गुप्तचर इकाई गुरुग्राम ईस्ट की टीम ने पांव अगस्त को ही सेक्टर-38 स्थित एक होटल में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आरोपी दुष्यंत कुमार और धर्मेंद्र तिवारी ने नियमों को ताक पर रखकर बिना सी-फार्म भरे विदेशी नागरिकों को अपने होटल में ठहराया हुआ था। इस लापरवाही पर मुख्य सिपाही प्रवीण कुमार की शिकायत पर थाना सदर गुरुग्राम में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।