गरीबों को छत...अधिकारियों को कड़ी चेतावनी, सीएम सैनी ने कहा- सुधर जाओ...वरना सुधार दिए जाओगे

punjabkesari.in Wednesday, Jun 26, 2024 - 06:25 PM (IST)

रोहतक(दीपक भारद्वाज): मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्लाट आवंटन करने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी कुछ अलग ही तेवर में नजर आए। उन्होंने मंच से अधिकारियों को सीधी चेतावनी दे दी या तो सुधर जाओ नहीं तो सुधार दिए जाओगे। अगर प्रदेश की जनता को चक्कर काटने पड़े तो उन अधिकारियों से भी उतने ही चक्कर लगवाए जाएंगे। नायब सैनी ने इस कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमकर कटाक्ष किया और कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के सपने छोड़ दें। भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने जा रही है।

PunjabKesari

रोहतक में बुधवार को सीएम सैनी शहरी आवास योजना के तहत प्लाट आवंटन का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें 15250 लाभार्थियों को प्लाट आवंटित किए गए। मुख्यमंत्री नायब सैनी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे और तीस लाभार्थियों को प्लाट आवंटन का सर्टिफिकेट दिया। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हुड्डा वोट तो जनता के लेते थे, लेकिन लाभ अपने चहेतों को देते थे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करते हैं कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने 10 साल के शासनकाल में नौकरी देने का श्वेत पत्र जारी करें और वह भी अपने कामों का हिसाब देने को तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा काम करने में नहीं लॉलीपॉप देने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता के सामने झूठी बात कर संविधान को खत्म करने का नारा दे बरगलाने की कोशिश की गई थी। लेकिन संविधान खत्म नहीं हो रहा है कांग्रेस खत्म होती जा रही है और अक्टूबर के बाद तो कांग्रेस पार्टी में सिर्फ पिता पुत्र ही रह जाएंगे।

उन्होंने मंच से अधिकारियों को भी सीधी चेतावनी दे डाली कि लोगों का काम करने में अधिकारी कोताही और अपने कामकाज करने के तरीके में सुधार कर लें, नहीं तो वह अपने आप सुधर जाएंगे। उन्होंने कहा कि शायद अधिकारी सोच रहे हैं कि नायब सैनी को कुछ भी पता नहीं है। जबकि उनके पास पल-पल की रिपोर्ट रहती है और अधिकारी इस गलतफहमी में ना रहें कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने वाली नहीं है।

कार्यक्रम में योजना का लाभ लेने पहुंचे लाभार्थियों का कहना है कि उनके सिर पर छत नहीं थी और ना ही उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि वह प्लाट खरीद कर मकान बना सकें, लेकिन हरियाणा सरकार ने उनके अपने मकान की इच्छा को पूरा कर दिया है। इसलिए वे हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static