यमुनानगर में अवैध माइनिंग को लेकर CM फ्लाइंग का छापा, पंचायती जमीन पर छापेमारी के दौरान मिले अवैध खनन के सबूत

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 08:10 AM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के ताजेवाला गांव में अवैध माइनिंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सीएम फ्लाइंग की टीम ने गांव में छापा मारकर पंचायती जमीन पर अवैध गतिविधियों के सबूत मिलने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी मात्रा में पत्थरों का अवैध स्टॉक भी मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 

सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज राजेश कुमार ने साफ कहा कि पंचायती जमीन पर अवैध काम के प्रमाण मिले हैं और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीम को मौके पर ऐसे संकेत मिले हैं जो अवैध माइनिंग की तरफ इशारा कर रहे हैं। वहीं मामले में BDPO कार्तिक चौहान का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि पंचायती जमीन पर अवैध माइनिंग की निशानदेही होगी और इस मामले में एक्शन लिया जाएगा। 

कार्तिक चौहान ने यह भी कहा कि गांव में अवैध माइनिंग रोकने की जिम्मेदारी सरपंच की होती है। ऐसे में अब पंचायत की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। लेकिन दूसरी तरफ सरपंच प्रतिनिधि जाकिर इन आरोपों को मानने को तैयार नहीं हैं। जाकिर का कहना है कि अगर गांव में कहीं अवैध माइनिंग हुई है तो उसकी शिकायत खुद उन्होंने दी है और मामले भी दर्ज करवाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती जमीन पर मिला पत्थर किसका है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पंचायती जमीन पर पत्थरों का इतना बड़ा स्टॉक पहुंचा कैसे? अगर पंचायत को इसकी जानकारी नहीं थी तो फिर जिम्मेदार कौन है? और अगर शिकायतें पहले से मिल रही थीं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? ताजेवाला गांव में अवैध माइनिंग की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार सीएम फ्लाइंग के छापे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या सिर्फ बयानबाजी होगी या फिर अवैध माइनिंग के नेटवर्क पर बड़ा एक्शन देखने को मिलेगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)             

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static