एक तरफ शहीद हो गए जवान, दूसरी तरफ भाजपा मुख्यालय में चल रहा था जश्न: कर्नल रोहित चौधरी
punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 06:52 PM (IST)

नई दिल्लीः जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकी मुठभेड़ में शहीद सेना के जवानों को लेकर AICC मुख्याल पर कर्नल रोहित चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस वार्ता में कर्नल प्रमोद कुमार शर्मा, कर्नल विजय कुमार व संजीव मौजूद रहे। ये सभी लोग वन रैंक वन पेंशन को लेकर लड़ाई लड़ चुके हैं। कर्नल रोहित ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि अनंतनाग में एक ज्वाइंट ऑपरेशन में कमांडिंग ऑफिसर मनप्रीत सिंह ने फ्रंट से लीड करते हुए अपनी शहादत दी। इनके साथ कंपनी कमांडर आशीष धौंचक और हुमायूं मज्जमिल भट्ट ने भी ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए।
इसके साथ ही कर्नल रोहित ने कहा कि यह कहते हुए हमें बड़ी शर्म आ रही है, जब हमारे देश के जंबाज देश के लिए बलिदान दे रहे थे, उस समय पीएम मोदी भाजपा के मुख्यालय में अपने ही लोगों से अपना महिमामंडन करवा रहे थे। फूलों की वर्षा करवा रहे थे। क्या उस वक्त भाजपा के अधय्क्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं को सेना की याद नहीं आई। एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री हैं जो अपने महिमामंडन में लगे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे देश के सैनिक शहादत दे रहे थे। इन दोनों बातों में बहुत विरोधाभाष है।
इस मौके पर कर्नल ने एक वीडियो दिखाया। कर्नल द्वारा दिखाए गए वीडियों में एक तरफ भाजपा कार्यालय का वीडियो था। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं से अभिवादन स्वीकर कर रहे हैं। जिसमें कार्यकर्ता पीएम मोदी पर पुष्प वर्षा कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ उसी वीडियो में शहीद परिवारों का वीडियो था। जिसमें परिवार के व्यक्ति के शहीद हो जाने पर रोते विलखते परिजन दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो के दौरान कर्नल कहते हैं कि इस विषय पर हमने देश के कई पूर्व सैनिकों से बात की। सब ने इस पर आपत्ति और दुख व्यक्त किया है। उनका कहना था कि ये कैसे हमारे देश के प्रधानमंत्री है। ये कैसी सरकार है जो अपने आपको देश भक्त बताती है वो अपने सैनिकों की शहादत पर उनका मान सम्मान करने के बजाय अपने कार्यालय में अपना स्वागत करके उनकी अवहेलना कर रही है।
वहीं कर्नल वर्ष 2019 का भी जिक्र करते हुए कहा कि जब 13 फरवरी को हमारे सैनिकों को जहाज की डिमांड के बावजूद रोड से ले जाया गया। इसके बाद आंतकी हमले में हमारे 40 जवान पुलवामा में शहीद हो गए। 250 किलो आडीएक्स पुलवामा में घूम रहा था। इस दौरान उन्होंने एक और वीडियो दिखाया। जिसमें पीएम मोदी की डॉक्यूमेंट्री के विजुअल्स थे। उन्होंने कहा उस समय भी पीएम मोदी संवेदनशीलता दिखाने की बजाय हदों को पार करते हुए अपना महिमामंडन करते रहे।
इस दौरान कर्नल रोहित ने माखन लाल चतुर्वेदी की लिखी कविता "पुष्प की अभिलाषा" की कुछ लाइनें सुनाईं।
चाह नहीं, देवों के सिर पर चढूँ, भाग्य पर इठलाऊँ॥
मुझे तोड़ लेना वनमाली। उस पथ में देना तुम फेंक॥
मातृ-भूमि पर शीश चढ़ाने। जिस पथ जावें वीर अनेक॥
कविता के बाद उन्होंने कहा ये तो हमारे देश की संस्कृति है। लेकिन प्रधानमंत्री देश के सैनिकों के शहीद होने के बाद भी प्रधानमंत्री अपना कार्यक्रम चलाते रहे। उन्होंने कहा कि ये साल हमारे देश की सेना के लिए मुश्किल हो सकता है। क्योंकि इस वर्ष चुनाव है। पुलवामा घटना के समय भी चुनाव था। इसलिए हमारे देश के सैनिकों को सतर्क और मुस्तैद रहना चाहिए।
कर्नल चौधरी ने आगे प्रधानमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा कि ऐसा कौन सा काम आपने किया था, जिसका आप जश्न मना रहे थे। जिसका अपने ही लोगों के बीच महिमामंडन कर रहे थे। इतनी बड़ी खबर आई, लेकिन आप ने कार्यक्रम नहीं रोका। भाजपा कार्यालय में आपका कार्यक्रम अनवरत चलता रहा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)