15 दिन में अवैध आरएमसी प्लांट बंद करने के आदेश, सड़कों की होगी डीप क्लीनिंग
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 09:37 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने सोमवार को नगर निगम और जीएमडीए के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) सीएक्यूएम के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में आयुक्त ने सड़कों पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों को तय समससीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए और अगले 15 दिनों में सभी आरएमसी प्लांट को पूरी तरह से बंद करने के आदेश जारी किए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आयुक्त ने सीएक्यूएम की ओर से जारी आदेशों की सख्ती से पालना करने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण साइटों पर धूल नियंत्रण, वायु गुणवत्ता सुधार और पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाएं जाएं। निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि आज यानि मंगलवार से नगर निगम क्षेत्र की सभी सड़कों के किनारों की डीप क्लीनिंग सुनिश्चित की जाए। सड़कों के किनारों पर जमा धूल और मलबा हटाया जाए, जिससे वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने अगले 15 दिनों में सभी अवैध आरएमसी प्लांट को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आयुक्त ने कहा कि आरएमसी प्लांट से उड़ती धूल आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण बढ़ाती है। इसके अलावा आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में बाहर से आने वाले बिल्डिंग मैटेरियल के सामान वाले ट्रकों की निगरानी की जाए कि सभी ट्रक तय नियमों के अनुसार ढ़के हुए हों। आयुक्त ने निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए इंजीनियरिंग विंग और सेनिटेशन विंग को संयुक्त तौर पर जिम्मेदारी दी है। सभी एएसआई, जेई, एसआई और एसडीओ को अपने-अपने वार्डों में सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र के जिस भी वार्ड में कूड़े में आग लगी मिली तो एएसआई की जिम्मेदारी होगी। यदि दूसरी बार उस जगह पर कूड़े में आग लगी पाई गई तो एसआई, जेई और एसडीओ जिम्मेदार होंगे।
बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, दर्शन यादव, उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन सुशील ठाकरान, निजेश, एसडीओ संजोग शर्मा, अनिल मलिक, विकास शर्मा, शशीकांत, रविंद्र दहिया, अमन राठी, विपिन बूरा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।