समाजसेवा की मिसाल : 65 साल से जल रहा सांझा चूल्हा, गरीब और रेल यात्रियों का भर रहे पेट (VIDEO)
punjabkesari.in Thursday, Jun 22, 2023 - 04:41 PM (IST)
चरखी दादरी (पुनीत) : चरखी दादरी शहर भूखे व बेसहारा लोगों की मदद के लिए दूसरे प्रदेशों में भी चर्चा का विषय बना है। क्योंकि चरखी दादरी ही प्रदेश का एक मात्र ऐसा रेलवे स्टेशन है जहां पिछले 65 सालों से भूखे पेट यात्रियों को निशुल्क भरपेट खाना खिलाया जाता है। स्टेशन पर रहने वाले बेसहारा व गरीब लोगों को भी कभी भूखे पेट सोता नहीं देखा गया। रामादल सेवा समिति का साझा चूल्हा पिछले 65 साल से लगातार जल रहा है। साढ़े छ: दशक से अधिक की समयावधि बीतने पर भी यह चूल्हा एक दिन भी बंद नहीं हुआ है।

1960 में शुरु की थी निशुल्क खाना वितरण सेवा
दरअसल लाला फकीर चंद ने 1960 में दादरी रेलवे स्टेशन पर निशुल्क खाना वितरण सेवा शुरू की थी। इसके साथ ही दादरी देश का पहला ऐसा स्टेशन बना जहां निशुल्क खाने की व्यवस्था हो। शुरुआत में दो किलोग्राम आटे की रोटियां तैयार कर वितरित की जाती थी और अब यह मात्रा 70 किलोग्राम तक पहुंच चुकी है। यह मुहिम लाला फकीर चंद ने अकेले शुरू की थी और 38 साल तक इसे जारी रखा। 1998 में लाला फकीरचंद का देहांत होने के बाद शहर के कई लोग इसे निरंतर जारी रखे हुए हैं। लाला फकीरचंद का सपना था कि शहर में कोई भूखा ने सोए, जिसे अब तक जन सहयोग से साकार किया जा रहा है।

लाला जी का सपना पूरा करने की मुहिम जारी
रामा सेवा दल प्रधान विनोद गोयल ने बताया कि संस्था ने यात्रियों के भोजन बनाने के लिए पांच कर्मचारी लगाए हुए हैं। इन कर्मचारियों के साथ सेवा दल के सदस्य सुबह चार बजे से खाना तैयार करने में जुट जाते है। सुबह साढ़े दस बजे से डेढ़ बजे तक गाड़ी में बैठे व आने वाले यात्रियों को निशुल्क रोटी व सब्जी वितरित करते है। उन्होंने बताया कि सुबह और सायं दोनों समय उनका दल 70 किलो आटे की रोटियां बनाकर लोगों को खिलाता है। लाला जी की मुहिम जारी रखते हुए भूखों को भोजन देकर दिल को सुकून मिला है।

रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी जुड़े मुहिम से
रामा सेवा दल के सदस्य रणसिंह फोगाट ने बताया कि करीब 10 साल पहले परिवहन विभाग से लेखाकार पद से रिटायर होने के बाद से सेवा दल की भावना को देखते हुए वो भी सेवा में लग गए। ओमप्रकाश जांगड़ा ने बताया कि निस्वार्थ भावना से सुबह सायं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खाना खिलाने में लगे रहते हैं। इस नेक काम में आसपास के लोग भी सहयोग करते हैं।

रामा सेवा समिति के जज्बे का स्लाम
रेलवे पर ट्रेन का इंतजार कर रहे राकेश कुमार व सत्यवान ने बताया कि समिति द्वारा सुबह-शाम के वक्त नि:शुल्क खाना व पीने के पानी की मुहिम काफी वर्षों से लगातार देख रहे हैं। समिति के इस जज्बे का स्लाम करते हुए कहा कि गरीब और रेल यात्रियों खाना देना समाज में सबसे बड़ा धर्म है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)