पत्नी से झगड़े के बाद कंपनी कर्मी ने उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 07:39 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बादशाहपुर थाना एरिया के बेगमपुर खटोला में पत्नी से झगड़े के बाद 26 वर्षीय कंपनी कर्मी ने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय पत्नी कंपनी में ड्यूटी पर गई थी। एसपीआर चौकी पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम से जांच कराई। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी अनुसार, झारखंड मूल का 26 वर्षीय विपुल अपनी पत्नी अनुजा के साथ बादशाहपुर थाना एरिया के बेगमपुर खटोला में किराए पर रहता था। दोनों ही निजी कंपनी में काम करते थे। विपुल की नाइट शिफ्ट थी, जबकि पत्नी दिन में डयूटी पर जाती है। 22 मई को दोपहर करीब 1 बजे पत्नी खाना खाने घर आई तो दोनों में झगड़ा हो गया। पत्नी के वापस कंपनी जाने के बाद विपुल ने अंदर से दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। पड़ोस में रहने वाली महिला के दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोडक़र शव फंदे से उतारा। पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी में पहले भी कई बार झगड़े होते थे।
मामले में एएसआई रविंद्र, एसपीआर चौकी ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने की बात सामने आई है। गहन जांच जारी है। संदिग्ध बात मिलने पर आगे कार्रवाई होगी।