Haryana: सांसद नवीन जिंदल के निशाने पर कांग्रेस, कहा- इनकी हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2024 - 02:35 PM (IST)

रादौर (कुलदीप सैनी) : हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद भाजपा नेता व कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आ रहे है। वहीं पार्टी द्वारा अब प्रदेशभर में धन्यवाद कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रादौर में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक श्यामसिंह राणा द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 

इस मौके पर सांसद नवीन जिंदल ने रादौर विधायक श्यामसिंह राणा को अनुभवी बताते हुए कहा कि हम दोनों मिलकर विकसित रादौर बनाने का काम करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भाजपा को आतंकवादियों की पार्टी कहे जाने पर सांसद ने खड़गे के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा देशभक्तों की पार्टी है। 

वहीं कांग्रेस द्वारा हार के बाद कई जिलों में दोबारा मतगणना करवाए जाने के पूछे गए सवाल पर जिंदल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत अब खिसियानी बिल्ली खम्बा नोचे वाली है। क्योंकि कांग्रेस जहां जीत गई, उन्हें वहां कोई गड़बड़ी नजर नहीं आ रही है। मंडियों में धीमी गति से हो रहे धान के उठान के कार्य पर उन्होंने कहा कि इस बारे अधिकारियों को आदेश दिए गए है। सांसद जिंदल ने कहा कि विधायक श्याम सिंह राणा के साथ मिलकर विकसित रादौर बनाने का पूरा प्रयास करेंगे। एक सवाल के जवाब में सांसद नवीन जिंदल ने दावा करते हुए कहा कि अगले छह महीने में एसके मार्ग के फोरलेन का का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static