कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने दिया एकजुटता का संदेश, बोले- अनुशासनहीनता नहीं की जाएगी बर्दाश्त

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 09:15 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने कमर कस ली है। यात्रा की तैयारियों को लेकर चंडीगढ़ में पार्टी नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल भी पहुंचे। बैठक में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सभी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों, पार्टी विधायकों, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने गोहिल का स्वागत किया।

 

इस मौके पर शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी नेताओं को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपनी बात पार्टी प्लेटफार्म पर रखनी चाहिए। अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिर्फ कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो देश और प्रदेश हित में काम कर सकती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने हरियाणा में जो ऐतिहासिक कार्य किए, आज भी देशभर में उनका उदहारण दिया जाता है। गोहिल ने दीपेंद्र हुड्डा की तारीफ करते हुए कहा कि वो मजबूती के साथ संसद में किसान, जवान और हर वर्ग की आवाज उठाते हैं। 

 

गोहिल ने बैठक में मौजूद सभी नेता व कार्यकर्ताओं से भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक सकारात्मक संदेश लेकर यात्रा पर निकले हैं। बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों को रोकने के लिए राहुल गांधी ने भारत जोड़ने का प्रयास शुरू किया है। इसलिए जनता इस यात्रा से भावनात्मक जुड़ाव महसूस कर रही है। 

 

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को पूरे देश में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। हरियाणा में यात्रा का आगमन और इससे लोगों का जुड़ाव ऐतिहासिक होगा। लाखों की तादाद में हरियाणवी यात्रा का हिस्सा बनेंगे। अभी से ही राहुल गांधी के आगमन को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चौधरी उदयभान ने बताया कि उन्होंने यात्रा प्रबंधन के लिए अलग-अलग 14 कमेटियों का गठन किया है। साथ ही सभी 22 जिलों के कॉर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। हरियाणा में यात्रा दो चरणों में होगी। 21 तारीख को फिरोजपुर झिरका से यह हरियाणा में दाखिल होकर सोहना, बड़खल, फरीदाबाद होते हुए आगे बढ़ेगी। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static