क्रास वोटिंग के चलते कांग्रेस के नोटिस जारी करने पर विधायकों की सामने आई प्रतिक्रिया, पढ़िए क्या बोले
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 10:00 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : नोटिस आया तो जवाब दूंगा : इसराइल
क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल ने कहा कि मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे झूठे और निराधार हैं। मैंने हुड्डा साहब को अपना वोट दिखाया था। यदि पार्टी की ओर से कोई नोटिस आता है तो मैं उसका जवाब दूंगा।
आरोप बेबुनियाद, जल्द क्लीयर होगाः रेनूबाला
साढौरा से कांग्रेस की विधायक रेनू बाला ने कहा कि हमने प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद के सामने वोट डाला है। ये जो आरोप लगाए जा रहे हैं, बेबुनियाद हैं। हम कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। 2 दिन में स्थिति क्लीयर हो जाएगी।
विनेश फोगाट बोली-अपने ही जयचंद
जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने राज्यसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट डाली। लिखा कि वोट क्रॉस हुई हो या कैंसिल, क्या मंशा दोनों जगह एक जैसी थी, यह पार्टी को डिसाइड करना है। बिना वजह कुछ नहीं होता, इसी सोच के साथ पार्टी को एक्शन लेना चाहिए। अगर गलती क्रॉस करने वालों की है तो कैंसिल करने वालों की भी क्या उतनी ही है, यह हमारी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला ले। हर बार वार दूसरों के कंधों पर रख कर नहीं होता, कुछ अपने भी जयचंद हैं।
एक्सपर्ट बोले-कांग्रेस हाईकमान को दोनों स्थिति में नुकसान
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना कि अगर हाईकमान इस पूरे प्रकरण में सख्ती दिखाता है तो हरियाणा के संगठन में टूट का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा यदि नरमी दिखाता है तो नेतृत्व की कमजोरी का मैसेज पार्टी नेताओं में जाएगा। यानी हैड यू लूज, टेल्स यू लूज वाली स्थिति बन रही है इसलिए संभावना है कि ऐसे विधायकों के खिलाफ तुरंत निष्कासन की बजाय शो-कॉज नोटिस दिया जा सकता है।
पार्टी में रहूंगा या नहीं वक्त बताएगा : कुलदीप वत्स
बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के नाम की वोट रद्द होने की चर्चा चली। इसको लेकर वह पार्टी के कुछ नेताओं से बेहद नाराज हैं। हालांकि बाद में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंहा हुड्डा ने सफाई दी कि उनकी वोट रद्द नहीं हुई। बातचीत में कुलदीप वत्स ने कहा कि कांग्रेस में काम करने वालों की कदर नहीं होती, कांग्रेस में डुबाने वालों की पूछ है कांग्रेस के गलत दिशा में जाने का मुख्य कारण यही है। वोट रद्द होने के सवाल पर वत्स ने कहा कि मुझे आज बहुत पीड़ा हो रही है। अब कांग्रेस सोचेगी कि क्रॉस वोट करने वालों का क्या करना है। मुझे कांग्रेसम के नाम से फर्क नहीं पड़ता। मैंने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है, लेकिन इन बातो और कुछ लोगों की वजह से आज दिला में पीड़ा है। कांग्रेस में रहेंगे या नहीं, यहा वक्त बताएगा।