पंचकूला में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका, पूर्व मेयर उपेंद्र कौर अहलूवालिया ने थामा BJP का दामन...
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 05:09 PM (IST)
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला नगर निगम चुनाव से पहले पंचकूला में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मेयर उपेंद्र कौर अहलूवालिया और कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता धनेंद्र अहलूवालिया ने अपने परिवार और समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।
यह जॉइनिंग कार्यक्रम पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित उनके आवास पर आयोजित हुआ, जहां हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मोदी का परिवार’ लगातार बढ़ रहा है और 3 तारीख के बाद यानि पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणामों के बाद यह और बड़ा होगा।”
उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भाजपा देश और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर पंचकूला के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली, जिससे स्थानीय राजनीति में भाजपा की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, पूर्व मंत्री कँवरपाल गुज्जर, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि अहलूवालिया परिवार कई दशकों से कांग्रेस से जुड़ा रहा है, लेकिन अब उन्होंने पार्टी से किनारा कर भाजपा का साथ चुना है। हाल ही में कांग्रेस द्वारा उपेंद्र कौर अहलूवालिया सहित चार नेताओं को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। यह नोटिस पंचकूला विधायक चौ चंद्रमोहन की शिकायत के बाद दिया गया था, जिसमें विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से अलग चलने के आरोप लगाए गए थे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)