पंचकूला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, खड़ी कारों को मारी टक्कर...गेट, ग्रिल, गार्ड रूम उड़ाया, CCTV में कैद खौफनाक मंजर
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 11:43 AM (IST)
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला के सेक्टर-15 में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जमकर तबाही मचा दी। एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले सड़क से गुजर रही एक इरिटिगा कार से टकराई, इसके बाद लेन का लोहे का गेट, ग्रिल और सुरक्षा कक्ष को तोड़ते हुए एक मकान के बाहर खड़ी टोयोटा हाईराइडर में जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईराइडर मकान की बाउंड्री वॉल तोड़कर अंदर तक पहुंच गई। हादसे में गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ, हालांकि स्कॉर्पियो सवार चारों युवक सुरक्षित बच गए। मामले में सेक्टर-15 निवासी संदीप गोयल की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक मनमीत सिंह निवासी बेगोवाल (कपूरथला, पंजाब) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले दीवार और ग्रिल को तोड़ती है, फिर गार्ड रूम को उखाड़ते हुए टोयोटा हाईराइडर से जा टकराती है। इसके बाद हाईराइडर मकान की दीवार तोड़कर आगे जा घुसती है। दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता संदीप गोयल के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनकर वह घर से बाहर आए।
मौके पर पंजाब नंबर (PB-09-AS-4329) की महिंद्रा स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी थी, जिसमें चार युवक सवार थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चारों युवक शराब और नशीले पदार्थों के प्रभाव में थे और उन्होंने खुद बताया था कि वे नाइट क्लब से लौट रहे हैं। सेक्टर 14 पुलिस थाने के अधिकारी एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक मनमीत सिंह के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 1984 की धारा-3 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 324(5) (एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पुलिस ने क्राइम टीम से वाहन का निरीक्षण भी करवाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।