हरियाणा के कांग्रेसी कभी एकजुट नहीं हो सकते, लोगों ने मनोहर लाल की ईमानदार योजनाओं पर लगाई मुहर : सुदेश कटारिया
punjabkesari.in Tuesday, Aug 08, 2023 - 09:29 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कहा कि राज्य के कांग्रेसी जिंदगी में कभी एकजुट नहीं हो सकते। सबके अपने-अपने हित और सबके अपने-अपने एजेंडे हैं। किसी को भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नेतृत्व स्वीकार नहीं है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थकों को रणदीप सुरजेवाला का नेतृत्व स्वीकार नहीं है। कटारिया ने कहा कि सुरजेवाला भी कभी नहीं चाहेंगे कि कुमारी सैलजा आगे बढ़ें। सैलजा कभी नहीं चाहेंगी कि किरण चौधरी तरक्की करें। किरण चौधरी को सिर्फ अपनी बेटी की चिंता है। इसलिए कांग्रेस के लोग आपस में गुत्थम-गुत्था होकर रह जाएंगे।
चंडीगढ़ में जारी एक बयान में भाजपा प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कहा कि आने वाला कल भारतीय जनता पार्टी का है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अब तक की सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति पर चलते हुए मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश का एक समान विकास किया। मुख्यमंत्री के पास विपक्ष के जितने भी विधायक काम लेकर आए, उन सभी के जनहित के काम पूरे किए। ईमानदार और पारदर्शी सरकार में लोगों का यकीन बढ़ा है। इसलिए तीसरी बार भी राज्य में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान से प्रदेश के कांग्रेसियों को मिला एकजुटता का संदेश सिर्फ दिखावटी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा की जा रही मुफ्त की घोषणाओं पर भी सवाल उठाए हैं। कटारिया ने कहा कि हरियाणा की जनता स्वाभिमानी है। उसे रोजगार चाहिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता को रोजगार दिए और उनके स्वाभिमान की रक्षा की। प्रदेश के लोग मुफ्त की घोषणाओं में यकीन नहीं रखते। प्रवक्ता ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने साढ़े पांच हजार गांवों में 24 घंटे बिजली दी है। ऐसे में आम आदमी पार्टी की इस घोषणा के कोई मायने नहीं रह गए हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)