पहले कोर्ट कर्मी की बाइक को मारी टक्कर, फिर गाली देकर बीच सड़क पर पीटा, मोबाइल छीनकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर फेंका

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 09:36 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में वाहन चालकों के हौंसले इतने बढ़ गए हैं कि वह अब रोडरेज की घटनाओं को अंजाम देने से पीछे नहीं हटते हैं। ताजा उदाहरण पालम विहार थाना क्षेत्र में सामने आया है जहां स्कॉर्पियो कार सवार ने पहले कोर्ट कर्मी की बाइक को टक्कर मार दी। जब कोर्ट कर्मी ने कार सवार को कार सही तरीके से चलाने की नसीहत दी तो कार सवार ने गाली देते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

बीच सड़क पर गिराकर लातों से मारा और गाड़ी चढ़ाने की धमकी दी। जब पुलिस कार्रवाई के लिए पीड़ित ने कार की फोटो खींची तो आरोपी ने पीड़ित का मोबाइल खींच लिया। यह नजारा पास ही मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने देखा तो वह पीड़ित की मदद के लिए कार की तरफ दौड़ा और कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को रोकने के लिए पीड़ित से खींचा हुआ मोबाइल ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर फेंक कर मारा जिसमें पुलिसकर्मी तो बच गया, लेकिन मोबाइल सड़क पर गिरकर चकनाचूर हो गया। घायल को पुलिस ने अस्पताल भेजते हुए इसकी जानकारी पालम विहार थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस को दी शिकायत में नजफगढ़ निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह जिला कोर्ट में कार्यरत हैं। 1 मई की शाम को वह निजी कार्य से कृष्णा चौक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। किसी तरह वह संभल गए और उन्होंने गाड़ी का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक सिग्नल लाल होने के कारण गाड़ी ट्रैफिक में फंस कर रुक गई। इस पर उन्होंने कार सवार को गाड़ी सही तरीके से चलाने की नसीहत दी। आरोप है कि इस पर कार सवार भड़क गया और उनसे गाली गलौज करते हुए गाड़ी उनके उपर चढ़ाने की धमकी देने लगा।

 

गाली देने का विरोध किया तो आरोपी ने उनसे मारपीट शुरू कर दी और उन्हें सड़क पर गिरा दिया और लातों से मारने लगा। इसके बाद उन्होंने आरोपी की कार की फोटो अपने मोबाइल में खींच ली जिसके बाद आरोपी और भड़क गया और उनसे मोबाइल छीन लिया। पास ही मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने जब यह नजारा देखा तो वह मौके पर आ गया जिसने कार सवार को रोकने का प्रयास किया जिस पर आरोपी ने मोबाइल को पुलिसकर्मियों की तरफ फेंक कर मारा और मौके से भाग गया। जब आरोपी ने पुलिसकर्मी पर मोबाइल फेंक कर मारा तो किसी तरह से ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने खुद को बचाया और मोबाइल जमीन पर गिरकर टूट गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल भेजा और इस बारे में पुलिस को सूचना दे दी। थाने जाकर शिकायत देने में असमर्थ होने के कारण पीड़ित ने ईमेल के जरिए पुलिस को शिकायत भेज दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाईकी मांग की। मामले में पुलिस ने जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 281,115,351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static