जींद में क्रिएटिव वर्कशॉप : बच्चों व वरिष्ठ महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर दिखाया उत्साह
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 05:12 PM (IST)
हरियाणा डेस्क : विद्या भारती संगठन द्वारा आयोजित एक रचनात्मक कार्यशाला में 9 अप्रैल, 2026 की सायंकाल बाल विकास केंद्रों के बच्चों को गोपाल विद्या मंदिर स्कूल, जींद के प्रांगण में आर्ट एंड क्राफ्ट ट्रेनर एवं कंप्यूटर साइंस विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. हिमांशु गर्ग (प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद) द्वारा ट्रेंडिंग आर्ट सिखाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुतियों से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इस कार्यशाला में बच्चों के साथ-साथ वरिष्ठ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और नई कला सीखने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त महिला आयोजकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वयं इस कला को बनाकर आनंद उठाया। पूरा माहौल इतना उत्साहपूर्ण था कि देखने वालों का मन मोह ले, वहीं वरिष्ठ प्रतिभागियों ने इसे अपने बचपन की यादों को ताजा करने वाला अनुभव बताया।
इस अवसर पर मुख्य आयोजकों में डॉ. सुधा मल्होत्रा (सेवानिवृत्त प्रोफेसर, हिंदू कन्या महाविद्यालय, जींद) एवं श्रीमती डेज़ी (सेवानिवृत्त प्राचार्य, गोपाल विद्या मंदिर, जींद) शामिल रहीं। कार्यशाला में लगभग 80 बच्चों एवं बड़ों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेनर द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही, सभी बच्चों को रिफ्रेशमेंट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में गोपाल विद्या मंदिर के प्राचार्य श्री अजय कुमार, समाज सेवक श्री महावीर गर्ग, विद्या भारती बाल विकास केंद्र के संचालक, स्टाफ एवं अन्य विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)