देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर जींद जंक्शन पर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह, बोले— भारत के लिए गौरव का क्षण

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 09:46 AM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : 17 जुलाई को जींद देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय का साक्षी बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। भारतीय रेलवे की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हरित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को दूसरी बार जींद पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम के सामने बनाए जा रहे रैली स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने रैली स्थल पर बनाए जा रहे विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में भी विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। सड़कों पर पैचवर्क, नई सड़कों का निर्माण और शहर की साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को भी व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा रहा है।

इन कार्यों को लेकर शहरवासियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार शहर में नियमित रूप से विकास और रखरखाव के कार्य होते रहें तो जींद प्रदेश के अग्रणी शहरों में शामिल हो सकता है। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कुछ दिन जींद में बिताने चाहिए, ताकि शहर के हालात और बेहतर हो सकें।

जींद जंक्शन पर यात्रियों में दिखा उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस जींद जंक्शन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, वहां इन दिनों अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। रात के समय रोशनी से जगमगाता स्टेशन लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। स्टेशन परिसर को नए स्वरूप में सजाया गया है, जिससे उसकी सुंदरता और बढ़ गई है।

पंजाब केसरी की टीम ने जींद जंक्शन पर यात्रियों से बातचीत की तो उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर खुशी जताई। यात्रियों ने कहा कि यह केवल जींद ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने स्टेशन के बदले हुए स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि जींद जंक्शन अब पहले से अधिक आधुनिक और आकर्षक दिखाई देता है।

यात्रियों ने उम्मीद जताई कि हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत के साथ भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा। उनका कहना था कि जींद से शुरू होने वाली यह पहल भविष्य में देश के अन्य हिस्सों तक भी पहुंचेगी और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static