आदमपुर उपचुनाव: फसल मुआवजा, शिक्षा, एस.वाई.एल. पर उठ रहे सवाल
punjabkesari.in Saturday, Oct 22, 2022 - 10:22 AM (IST)

हिसार: आदमपुर उपचुनाव में इन दिनों बालसमंद एरिया की खराब हुई फसलों का मुआवजा, शिक्षा, पुरानी पैंशन बहाली और एस.वाई.एल.का मुद्दा छाया हुआ है। वहीं सत्ता पक्ष के नेता मनोहर सरकार की उपलब्धियों का सहारा ले रहे हैं और विपक्षियों को घेर रहे हैं। विपक्षी इस क्षेत्र की अनदेखी को मुद्दा बना रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनैलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा गठबंधन सरकार ने किसानों की बुरी तरह से दुर्गति की हुई है और किसानों को चारों तरफ से लूट रही है। इसका ताजा उदाहरण है कि हरियाणा के 8 लाख किसानों से फसल बीमा प्रीमियम लेने के बाद भी बीमा कंपनी ने किसानों की फसल का बीमा ही नहीं किया और अब बारिश से खराब हुई फसलों का मुआवजा नहीं दे रही, जबकि अब फसलों की कटाई भी हो चुकी है। इनैलो अध्यक्ष चौटाला ने कहा कि कांग्रेस में फूट है और भूपेंद्र हुड्डा अपने बेटे को स्थापित करने की जद्दोजहद कर रहे हैं। उन्होंने कुलदीप बिश्नोई पर भी आरोप लगाया कि उनको आदमपुर की जनता से कोई वास्ता नहीं है।