CRSU ने बदले प्रवेश नियम, अब छात्र अपनी पसंद के कोर्स में ले सकेंगे दोबारा दाखिला

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 08:41 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) जींद ने छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए सत्र 2026-27 की प्रवेश नीति में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित प्रवेश समिति ने दाखिलों से संबंधित नियमों की समीक्षा कर उन्हें अधिक छात्र-अनुकूल बनाया है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर लक्ष्यों के अनुरूप पाठ्यक्रम चुनने का अधिक अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर प्रवेश समिति ने प्रवेश नियमों का पुनर्मूल्यांकन किया। संशोधित नियमों के अनुसार अब ऐसे विद्यार्थी, जो पहले किसी स्नातक, स्नातकोत्तर या डिप्लोमा कार्यक्रम में नामांकित रह चुके हैं और वर्तमान शैक्षणिक सत्र में किसी अन्य पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं, उनकी अभ्यर्थिता निर्धारित शर्तों के तहत स्वीकार की जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों में एक से अधिक बार स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग भी खुल गया है। किसी विद्यार्थी के प्रवेश पर पूर्व में किए गए अध्ययन के आधार पर कोई रोक नहीं होगी। विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक दिशा बदलने, नए अवसर प्राप्त करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप करियर बनाने में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि कुलपति विद्यार्थियों के हितों और उनकी शैक्षणिक आकांक्षाओं के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए यह सकारात्मक निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि अभी भी कुछ विद्यार्थियों को इस संशोधित नीति की जानकारी नहीं है, जिसके कारण वे स्वयं को प्रवेश प्रक्रिया से वंचित समझ रहे हैं। इसलिए विद्यार्थियों को समय-समय पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध नियमों और दिशानिर्देशों की जानकारी लेते रहना चाहिए, ताकि वे किसी भी अवसर से वंचित न रहें और विश्वविद्यालय को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति न फैले।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static