यमुनानगर में हथिनी कुंड बैराज के पास बनेगा डैम, बाढ़ से नहीं होगी तबाही, सर्वे शुरू

punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 11:18 AM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता):  हरियाणा के यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज के पास एक डैम का निर्माण किया जाएगा जिसके बाद हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व पंजाब के इलाकों में बाढ़ से होने वाली तबाही से बचा जा सकेगा। इसके लिए सर्वे शुरू हो चुका है। यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज से 3 से 4 किलोमीटर अपस्ट्रीम में यह डैम बनाया जाएगा। इसके लिए पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दौरा किया था और अधिकारियों को इसका प्लान बनाने के निर्देश जारी किए थे। हरियाणा सिंचाई विभाग ने इसके लिए ना सिर्फ जगह चिन्हित की है बल्कि सर्वे शुरू करके उस पर अमल करना भी शुरू कर दिया है।

4000 से 4500 करोड़ के इस प्रोजेक्ट के बनने से ना सिर्फ हरियाणा बल्कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब के कई इलाके बाढ़ की तबाही से बच सकेंगे। हथिनी कुंड बैराज से निकलने वाला पानी इन राज्यों में हर साल तबाही मचाता है। वही इस पानी का कहीं कोई इस्तेमाल भी नहीं हो सकता। डैम के बन जाने से ना सिर्फ पानी उसमें स्टोर हो सकेगा बल्कि जरूरत के मुताबिक उसकी सप्लाई भी हो सकेगी। जिससे हरियाणा के कई हिस्सों की प्यास बुझेगी। यमुनानगर के उपायुक्त गिरीश अरोड़ा व सिंचाई विभाग के एसई आर एस मित्तल ने हथिनी कुंड बैराज का दौरा करके बताया कि अभी फिलहाल हथिनी कुंड बैराज में पानी स्टोर करने की क्षमता नहीं है, बल्कि यहां से जो पानी निकलता है उसे नापा जाता है। वही इस प्रोजेक्ट का लाभ दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व पंजाब को भी होगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्वे चल रहा है। 4 प्रदेशों की एक मीटिंग होगी जिसमें बाकी चीजें तय होंगी। हथिनी कुंड बैराज से निकलने वाला पानी हरियाणा ही नहीं उत्तर प्रदेश और दिल्ली को भी भारी नुकसान पहुंचाता है। जिससे दिल्ली में भी बाढ़ के हालात पैदा हो जाते हैं। बैराज के निकट डैम के बन जाने से ऐसी स्थितियों से बचा जा सकेगा और पानी का सही इस्तेमाल भी हो सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static