कैथल के जागरण में गया था युवक, आधी रात को हुआ लापता...अब ड्रेन के किनारे मिली लाश

punjabkesari.in Wednesday, May 22, 2024 - 10:08 AM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल शहर के बड़ी देवी माता मंदिर में खाटू श्याम का जागरण देखने गए एक युवक के सिर और मुंह पर ईंट मार कर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पटेल नगर निवासी अंशुल (18) के रूप में हुई है। युवक का शव ढांड रोड से अंबाला रोड के बीच बनी कैथल ड्रेन से मिला है। वहां भैंस चराने वाले एक व्यक्ति ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पहले इस मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। शव मिलने के बाद इसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

मृतक के पिता राममेहर ने बताया कि सोमवार रात को वह अपने इकलौते बेटे अंशुल के साथ बड़ी देवी माता मंदिर में खाटू श्याम के जागरण में आया था। उसने रात को बेटे को फोन किया तो उसने बताया था कि वह अपने दोस्त दीक्षित के साथ है और पांच मिनट में आता हूं। कुछ देर बाद जब उसने दोबारा फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। उसने करीब दस बार फोन किया और बाद में नंबर बंद हो गया। रात करीब 12 बजे के बाद उसके पास दीक्षित के पिता का फोन आया कि दीक्षित को चोट लगी है। वह उनके पास गया तो दीक्षित ने बताया कि दो गाड़ियों में चार से पांच युवक आए थे और वे अंशुल को उठा कर ले गए हैं। उसके साथ भी मारपीट की गई है। इसके बाद उसने सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज करवा दिया था। इस मामले में पुलिस दीक्षित से भी पूछताछ कर रही है। परिजनों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जाए।

वहीं हत्या करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से खफा परिजनों ने एक घंटा तक छोटू राम चौंक पर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण जींद कैथल मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही डी.एस.पी गुरविंद्र व डी.एस.पी हेडक्वार्टर उमेद सिंह मौके पर पहुंचे। रात के 10 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। डी.एस.पी हेडक्वार्टर उमेद ने बताया कि शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ जारी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static