रोहतक में पी.एम. का 3 महीने में 3 बार आना भाजपा की भूपेंद्र हुड्डा से घबराहट का नतीजा : दीपेंद्र

punjabkesari.in Monday, Sep 09, 2019 - 12:37 PM (IST)

जींद (जसमेर): रोहतक के पूर्व कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पी.एम.नरेंद्र मोदी का 3 महीने में 3 बार रोहतक जिले में आना पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा से भाजपा की घबराहट है। लोकसभा चुनावों में रोहतक सीट पर जीत हासिल करने के बाद भी भाजपा को रोहतक में अपनी जीत और अपने ऊपर भरोसा नहीं है। प्रदेश कांग्रेस संगठन में फेरबदल कर पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी शैलजा को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के आलाकमान के फैसले को दीपेंद्र हुड्डा ने देर से लिया गया मगर सही कदम बताते हुए कहा कि हरियाणा में अब विधानसभा चुनाव भूपेंद्र हुड्डा वर्सिज मनोहर लाल होंगे।

रविवार को जींद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पी.एम. मोदी और भाजपा के निशाने पर पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा हैं। हुड्डा की लोकप्रियता से पी.एम. और भाजपा नेता घबराए हुए हैं। यही वजह है कि 3 महीने में पी.एम. मोदी 3 बार रोहतक जिले में आ चुके हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लेकर पूरी भाजपा रोहतक में डेरा डाले हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूर्व सी.एम. हुड्डा और कुमारी शैलजा के नेतृत्व में हरियाणा विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी और भाजपा को पराजित कर अपनी सरकार बनाएगी।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से आज सभी अहम सैक्टर भारी मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। मारूती जैसी कंपनी को अपने प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। भाजपा ने प्रदेश में विकास को पटरी से उतारकर हरियाणा के लो"ों का भाईचारा खराब करने के सिवाय और कोई काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव भूपेंद्र हुड्डा बनाम मनोहर लाल होंगे और इसमें हुड्डा को जीत मिलेगी। बीच में और कोई ताकत नहीं टिक पाएगी। 

बसपा के साथ कांग्रेस के चुनावी गठबंधन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी केवल चर्चाएं हैं। कांग्रेस अकेले चुनाव लडऩे में सक्षम है लेकिन राजनीति में संभावनाओं को कभी पूरी तरह नहीं नकारा जा सकता। आज कांग्रेस के पास टिकट के लिए दावेदारों की लंबी लाइन लग गई है। हुड्डा और शैलजा की जोड़ी के आने से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उत्साहित हैं। खुद कांग्रेस आलाकमान यह मानती है कि इस जोड़ी से हरियाणा में कांग्रेसियों का मनोबल और जोश बहुत हाई हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static