सत्ता में आने पर हरियाणा की तरह बदलेगी दिल्ली की तस्वीर व तकदीर : खट्टर

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2020 - 09:31 AM (IST)

चड़ीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली विधानसभा चुनाव दौरान भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर न केवल जमकर हमले बोले,बल्कि दिल्ली के लोगों को यह भी समझाने का प्रयास किया कि यदि इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो आपके पड़ोसी राज्य हरियाणा की तरह न केवल पूरी दिल्ली का एक सामान विकास होगा,बल्कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के साथ-साथ पारदर्शी शासन कायम किया जाएगा। 

उन्होंने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों के दौरान हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश की तस्वीर बदली है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नौकरियों में मैरिट प्रथा लागू करके व्यवस्था परिवर्तन का दौर शुरू हुआ है। दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में दिल्ली की तस्वीर व तकदीर बदलेगी। इससे पहले आज मुख्यमंत्री ने पालम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकत्र्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्हें चुनावी टिप्स दिए और केजरीवाल पर तंज कसते हुए ‘झूठ का माल, केजरीवाल’ का नारा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की शिक्षा,बिजली एवं उद्योग नीति की दिल्ली से तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा आज शिक्षा के मामले में 16वें स्थान पर है जबकि दिल्ली 18वें पायदान पर है। हरियाणा के उद्योगों को सरकार दिल्ली से भी सस्ती बिजली उपलब्ध करवा रही है। वहीं आज इज ऑफ डुइंग बिजनैस की नीति को पारदर्शी तरीके से लागू कर हरियाणा ने देश में एक मिसाल कायम की है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा दिल्ली से कहीं आगे है। हरियाणा में 31 के करीब नए कन्या महाविद्यालय खोले गए हैं और प्रदेश के सभी जिलों में महिला थानों की शुरूआत करके एक मिसाल कायम की है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली के केजरीवाल पर सियासी हमले करते हुए कहा कि जनता ने 5 साल पहले जिस अपेक्षा से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई थी उस पर सत्तारूढ़ पार्टी खरी नहीं उतरी। अब समय आ गया है कि केजरीवाल से 5 वर्षों का हिसाब मांगते हुए इन्हें सत्ता से बाहर करें और दिल्ली को भाजपा के सुरक्षित हाथों में सौंपें। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जो भी यहां भाजपा का नेता होगा उनके हाथों में दिल्ली सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि जब अन्ना हजारे  ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन छेड़ा था,तब उनका मंतव्य साफ था कि देश से भ्रष्टाचार रूपी कैंसर को उखाड़ फैंकना है,पर तब उन्हें क्या मालूम था? कि इस प्रकार कोई लुटेरा आदमी उनके पीछे लग जाएगा और उनके कंधों पर चढ़कर सत्ता की  सीढ़ी चढ़ गया तथा जब सत्ता पर चढ़ गया तो सबसे पहले ठोकर उन्हीं को मारी। दिल्ली के साथ हरियाणा हमेशा खड़ा रहेगा। दिल्ली को जितने पानी की जरूरत पड़ेगी हम देंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की यह फितरत है कि जिस भी व्यक्ति ने बुरे वक्त में उसका साथ दिया, केजरीवाल ने उसी को ही धोखा दिया। यही वजह रही कि संघर्ष के समय में केजरीवाल का साथ देने वाले योगेंद्र यादव, आशुतोष, किरण बेदी व कुमार विश्वास जैसे लोग अब उनका साथ छोड़कर जा चुके हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static