गली में खेल रही मासूम बच्ची को डिलीवरी बॉय ने कुचला, गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 08:43 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-22बी में ऑनलाइन डिलीवरी पार्टनर जेप्टो के एक डिलीवरी बॉय की भीषण लापरवाही सामने आई है। तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक स्कूटर ने घर के बाहर खेल रही साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची को टक्कर मारते हुए स्कूटर का टायर उसकी गर्दन के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में बच्ची के सिर में दो फ्रैक्चर आए हैं और वह कई दिनों तक आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच झूलती रही। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, आशुतोष चुघ ने बताया कि उनकी 3.5 वर्षीय बेटी अनिका 13 अप्रैल 2026 की शाम को घर के बाहर खेल रही थी। तभी दिल्ली नंबर के एक इलेक्ट्रिक स्कूटर पर सवार जेप्टो डिलीवरी बॉय बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्ची के शरीर के ऊपरी हिस्से और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद बच्ची को पालम विहार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के सिर की हड्डी में दो जगह फ्रैक्चर हैं और गर्दन, पैर व कंधों पर गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। दो दिन आईसीयू में रहने और पांच दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उसे डिस्चार्ज तो कर दिया गया है, लेकिन पिता का कहना है कि उसे अगले तीन से चार महीनों तक भारी दवाइयों पर रहना होगा। घटना की सूचना 13 अप्रैल को ही अस्पताल से पुलिस को मिल गई थी, लेकिन बच्ची की हालत बेहद नाजुक होने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सके थे। 21 अप्रैल को पिता द्वारा औपचारिक शिकायत देने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।

 

राष्ट्रीय पक्षी मोर को कार ने कुचला

गोल्फ कोर्स रोड पर एक तेज रफ्तार कार द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर को कुचलने का मामला सामने आया है। सेक्टर-42 स्थित डीएलएफ मैग्नोलियास क्लब के पास हुई इस दुर्घटना में मोर की मौके पर ही मौत हो गई। सुशांत लोक थाना पुलिस ने वन्यजीव विभाग की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-42 निवासी सोनिया मलिक ने 23 अप्रैल सुबह करीब दस बजे पुलिस और वन्यजीव विभाग को सूचना दी कि मैग्नोलियास क्लब के पास एक अज्ञात कार ने सड़क पार कर रहे मोर को जोरदार टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही सुशांत लोक थाने से एएसआई सत्यपाल और वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को सड़क के डिवाइडर पर राष्ट्रीय पक्षी का शव बरामद हुआ। 

 

वन्यजीव रक्षक रजनेश और उनकी टीम ने मौके पर एम्बुलेंस बुलाकर शव को कब्जे में लिया। पशु चिकित्सक डॉ. राजेश गोदारा को मौके पर बुलाकर निरीक्षण कराया गया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक्सीडेंट के कारण आई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद विभाग ने सख्त कानूनी कार्यवाही का निर्णय लिया। वन्यजीव निरीक्षक चरण सिंह ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया कि मोर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के शेड्यूल-1 में आता है। इसे मारना या नुकसान पहुंचाना एक गैर-जमानती अपराध है। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  


पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उस कार की पहचान की जा सके जिसने मोर को टक्कर मारी थी। जांच अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी की सुरक्षा सर्वोपरि है। वन्यजीव विभाग की लिखित शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static