(VIDEO) दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धनखड़ ने दिया शगुन, बोले- हरियाणा की बेटी बनीं CM
punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 10:20 AM (IST)

चंडीगढ़: दिल्ली का सीएम चुनने में हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने अहम भूमिका निभाई। विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी ने धनखड़ को पूर्व केंद्रीय रवि शंकर प्रसाद के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। लोकसभा चुनाव में भी धनखड़ को दिल्ली का चुनाव प्रभारी बनाया गया था।
पार्टी को सभी सात लोकसभा सीटों पर विजयश्री प्राप्त हुई थी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद धनखड़ ने रेखा गुप्ता को शगुन भी दिया।
वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम नायब सैनी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी। मनोहर ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके कुशल नेतृत्व में दिल्ली की डबल इंजन सरकार सुशासन एवं समग्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में लंबे अंतराल के बाद भाजपा ने कल अपना सीएम का नाम घोषित कर दिया। रेखा गुप्ता को दिल्ली की जिम्मेदारी दी गई है। रेखा गुप्ता जुलाना के नंदगढ़ गांव की बेटी है और पढ़ाई से ग्रेजुएट की हुई है रेखा गुप्ता की उम्र 50 साल है और उनका परिवार नंदगढ़ गांव में ही रहता है।बेटी के सीएम बन जाने से पूरे गांव में खुशी का माहौल है घर पर लोग परिवार को बधाइयां देने के लिए आ रहे हैं। रेखा गुप्ता का पिता व्यवसाय से बैंक ऑफ़ इंडिया में बैंक मैनेजर की नौकरी करते थे।
राजनीति में लंबा अनुभव, संगठन में मजबूत पकड़
बीजेपी ने दिल्ली की कमान तेजतर्रार नेता रेखा गुप्ता को सौंपकर यह संकेत दिया है कि पार्टी राजधानी में महिला नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर लंबा और प्रभावशाली रहा है।
कौन हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे।