वाराणसी की तर्ज पर होगा धर्मनगरी कुरुक्षेत्र का विकास: राज्यपाल

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2023 - 10:11 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के राज्यपाल व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष  बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता की जन्मस्थली धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को विश्व मानचित्र पर भव्य दृष्टि से विकसित करने के लिए बेहतर योजनाएं तैयार की जाएं। कुरुक्षेत्र को वाराणसी की तर्ज पर इसकी गरिमा को बनाए रखते हुए कार्य योजना तैयार की जाए, जिसमें ब्रह्मसरोवर के आसपास महाभारत युद्ध के पात्रों की मूर्तियों के सजीव चित्रण का वर्णन देखने को मिले।

दत्तात्रेय शुक्रवार को हरियाणा राजभवन में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड प्रबंधन मंडल की 81वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक में कुल 20 एजेंडे रखे गए जिन पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2022 की भव्य पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि कुरूक्षेत्र के 48 कोस के 134 तीर्थ स्थलों की भूमिका पर एक बुकलेट भी तैयार की जाए और इन क्षेत्रों में सरंचनात्मक ढांचा भी विकसित किया जाए ताकि उनका ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ हो सके। कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के प्रबंधन मंडल की बैठक हर साल आयोजित की जाएगी ताकि बोर्ड के विकास को लेकर समय समय पर निर्णय लिए जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से गीता ज्ञान का उपदेश वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की वर्ष 2016 से लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया में अप्रैल माह में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह का आयोजन किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि लोगों को पर्यटन की जानकारी देने के लिए पंचकूला, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, राखीगढ़ी जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्यटन सूचना केन्द्र बनाए जाएं ताकि पर्यटन की दृष्टि से भी कुरुक्षेत्र के साथ साथ अन्य स्थानों को भी विकसित किया जा सके। इसके अलावा, पर्यटकों को लाने के लिए छोटी  इलेक्ट्रोनिक बसों की व्यवस्था बोर्ड द्वारा की जाए।

मनोहर लाल ने कहा कि सरोवर पर महर्षि दधीचि ऋषि की प्रतिमा लगाई जाएगी तथा सरस्वती तीर्थ एवं द्वार का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के कार्यालय के पास विश्राम गृह भी का निर्माण करवाया जाएगा तथा मल्टीमीडिया लेजर शो म्यूजिकल फाउंडेशन का थीम धार्मिक रखकर स्थल अनुसार इसका विकास किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी.एस.ढेसी, अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, अतिरिक्त मुख्य सचिव अरूण गुप्ता, बोर्ड के सदस्य विजय सिंह दहिया, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ.अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती सहित बोर्ड के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

  (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static