हरियाणा में किसानों पर दर्ज मुकदमे होंगे रद्द: दिग्विजय, कहा- उम्मीद है अब किसान घर लौटेंगे

punjabkesari.in Monday, Nov 29, 2021 - 06:33 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): तीनों कृषि कानूनों की वापसी में हुई देरी के लिए जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने खेद प्रकट किया है। हालांकि उन्होंने खुशी भी जताई कि किसानों की मांग पूरी हुई और अब कृषि कानूनों पर फैसला हो चुका है। आज लोकसभा और राज्यसभा में तीनों कृषि कनूनों को रद्द करने का विधेयक ध्वनि मत से पास हो चुका है। हरियाणा सरकार में साझेदर जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी बात कही है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस विषय पर केंद्र से बात करेंगे और अगर वहां बात नहीं बनी तो भी वे हरियाणा में दर्ज मुकदमे वापस लेंगे। दिग्विजय चौटाला ने किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को मुआवजा देने की भी बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार को मुआवजा देना चाहिए। मुआवजा कितना, क्या और कैसे होगा, इसके लिए किसान संगठनों से बातचीत करके फैसला किया जा सकता है। दिग्विजय चौटाला ने किसान स्मृति स्थल का भी समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस पर जल्द फैसला ले। उन्होंने कहा कि किसान यादगार स्थल बहादुरगढ़ या फिर सिंघु बॉर्डर पर बनाया जा सकता है।

कृषि कानूनों की वापसी का स्वागत करते हुए दिग्विजय ने उम्मीद जताई है कि किसान अब अपने घरों को वापस लौट जाएंगे। एमएसपी की डिमांड का भी दिग्विजय चौटाला ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर गठित होने वाली कमेटी में संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं को शामिल करना चाहिए और 5 से 7 महीने में ही उस पर फैसला हो जाना चाहिए।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static