ड्राइवर ने चोरी की मालिक की मर्सडीज कार, रात भर सड़कों पर दौड़ाकर किया एक्सीडेंट

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 09:09 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-54 स्थित द वरंडास सोसाइटी में रहने वाले नामी कंपनी के अधिकारी के चालक ने मालिक और कंपनी को बिना बताए पार्किंग से लाखों रुपये की कीमती मर्सडीज बेंज कार चोरी कर ली। आरोपी ड्राइवर रातभर कार को सड़कों पर तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा और इस दौरान उसने गाड़ी को बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त भी कर दिया। इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी अगले दिन कार को गुपचुप तरीके से ठीक कराने एक मैकेनिक के पास पहुंचा। मैकेनिक कार मालिक का परिचित निकला, जिसने तुरंत फोन कर मालिक को एक्सीडेंट की सूचना दे दी। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ नए कानून के तहत केस दर्ज कर लिया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में पुनीत पिपली ने बताया कि कंपनी ने अपनी मर्सिडीज बेंज कार सेक्टर-54 निवासी अमित कपूर को निजी इस्तेमाल के लिए दी हुई थी। अमित कपूर ने इस गाड़ी को चलाने के लिए दिल्ली के राजौरी निवासी अनुज को बतौर ड्राइवर रखा हुआ था। शिकायत के मुताबिक 14 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे चालक अनुज ने चोरी की नीयत से अमित कपूर को बिना कुछ बताया और न ही कंपनी के किसी उच्च अधिकारी से अनुमति ली। वह उनकी सोसाइटी की पार्किंग से मर्सिडीज कार को लेकर चंपत हो गया।

 

आरोपी अनुज ने देर रात दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर गाड़ी को बेहद लापरवाही और तेज गति से चलाया, जिससे आम जनता की जान भी खतरे में पड़ गई। इस दौरान उसने गाड़ी को फ्रंट लेफ्ट साइड से किसी अज्ञात जगह पर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी का भारी नुकसान हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक बुरी तरह घबरा गया। अपनी चोरी और एक्सीडेंट को छिपाने के लिए वह 15 मई को गाड़ी को लेकर मैकेनिक सागर के पास पहुंचा। अनुज चाहता था कि अमित कपूर के नींद से जागने या गाड़ी की डिमांड करने से पहले वह उसे ठीक करा ले। मैकेनिक सागर अमित कपूर का पुराना जानने वाला था। मर्सिडीज की हालत और ड्राइवर के संदिग्ध हाव-भाव देखकर सागर को शक हो गया। उसने बिना देर किए तुरंत अमित कपूर को फोन मिलाया और गाड़ी के एक्सीडेंट होने की बात बताई।

 

अमित कपुर ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि पुनीत पिपली ने सेक्टर-53 थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत वरंडास सोसाइटी की पार्किंग और मैकेनिक की दुकान पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ कर रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static