BJP विधायक के परिवार पर FIR दर्ज कराने वाले DTP नरेंद्र नैन का तबादला, जानें क्या है मामला
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 10:28 AM (IST)
भिवानी: शहर से भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ के परिवार पर अनधिकृत कॉलोनी काटने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने वाले जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) नरेंद्र नैन का तबादला कर दिया गया है। हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 27 अप्रैल के आदेशों के अनुपालन में उन्हें अगले आदेशों तक डीटीपी मुख्यालय चंडीगढ़ भेजा गया है।
नगर एवं ग्राम योजना हरियाणा चंडीगढ़ के निदेशक अमित खत्री की तरफ से जारी आदेशों में नरेंद्र कुमार नैन को आदेश दिया गया है कि नियमित स्थानांतरण आदेश जारी होने तक तत्काल डीटीपी मुख्यालय चंडीगढ़ में कार्यभार ग्रहण करे। इन आदेशों के बाद बुधवार को नरेंद्र कुमार नैन डीटीपी ने मुख्यालय में कार्यभार संभाल लिया है।
यह है मामला
हाल ही में जिला नगर योजनाकार नरेंद्र कुमार नैन की शिकायत पर हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो भिवानी में विधायक के परिवार पर हरियाणा डवलपमेंट एंड रेगुलेशन आफ अर्बन एरिया एक्ट 1975 की धारा 7 व अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस एफआईआर में विधायक घनश्याम सर्राफ की पत्नी प्रेमलता, विधायक का बेटा अमन गर्ग, विधायक की दो बेटियां श्वेता गर्ग और मनीषा गर्ग, भांजा मोहित गोयल सहित लोहड़ निवासी मनीषा व निर्मला, आदर्श नगर निवासी माया देवी, नई दिल्ली निवासी रचना के नाम शामिल हैं।