नगर निगम के लापरवाह अधिकारियों के कारण दो दिन से पानी नहीं मिलने पर भड़के लोग

punjabkesari.in Wednesday, Sep 04, 2019 - 11:01 AM (IST)

फरीदाबाद: नगर निगम के लापरवाह अधिकारियों के कारण पानी सप्लाई का शेड्यूल एक बार फिर से बिगड़ गया। जिसके कारण सेक्टर-55 के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर 55 के लोगों का आरोप है कि सेक्टर 25 में बने जलघर से पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं होती है। सोमवार रात 8 बजे सेक्टर 55 की सप्लाई चालू होनी थी लेकिन उस वक्त वॉर्ड नंबर 3 की सप्लाई चला दी गई।

जिससे सेक्टर 55 में पानी नहीं आया। इससे लोग भड़क गए और सेक्टर 25 जलघर पहुंच कर वॉर्ड नंबर 3 के पार्षद जयवीर खटाना के पिता धर्मवीर खटाना से बहस करने लगे। सेक्टर 55 में रहने वाले सुरेश, मुकेश ने बताया कि सेक्टर 55 में पानी की सप्लाई सेक्टर 25 जल घर से होती है। यहां से अलग अलग लाइनें अलग अलग क्षेत्र में जा रही है। समय के मुताबिक पानी की सप्लाई रात 8 बजे सेक्टर 55 की चलनी होती है। लेकिन सोमवार को सप्लाई नहीं चली।

सेक्टर 55 के वॉट्सएप ग्रुप पर सूचना दी गई कि सेक्टर की सप्लाई मंगलवार सुबह चार बजे चलेगी। इतना सुनते ही सेक्टर 55 के लोग भड़क गए, क्योंकि सेक्टर में रविवार को भी पानी की सप्लाई नहीं आई थी। सेक्टर 55 रेजिडेंट्स वेलफयर समिति के लोगों ने महिलाओं व स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया ओर सेक्टर 25 जलघर पर चले गए। वहां पहुंच कर देखा तो पता चला कि वॉर्ड नंबर 3 के पार्षद जयवीर खटाना व उनके पिता धर्मवीर खटाना अपने वॉर्ड में जा रही 24 इंची की पाइप लाइन से पानी सप्लाई करवा रहे हैं जो गलत था।

आधे घंटे तक लोगों में और पार्षद पिता में बहस होती रही। बाद में धर्मवीर खटाना ने लोगों का विरोध देखकर अपनी सप्लाई बंद करवा कर सेक्टर 55 की सप्लाई चालू करने के लिए कहा। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसको लेकर पार्षद जयवीर खटाना ने बताया कि रेनीवेल की लाइन में बिजली की समस्या ज्यादा रहती है। बिजली न आने के कारण उनके वॉर्ड में सुबह पानी की सप्लाई नहीं चली थी इसलिए नगर निगम ने रात को सप्लाई चलवा दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static