पानीपत में JCB का कहर: बुजुर्ग की कुचलकर मौत, ड्राइवर की लापरवाही ने ली जान

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 03:52 PM (IST)

पानीपत(सचिन): जिले में GT रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम दीवाना रोड के पास एक अनियंत्रित जेसीबी (JCB) ने साइकिल सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जेसीबी का टायर बुजुर्ग के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मृतका की बेटी की शिकायत पर आरोपी जेसीबी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कृष्णपुरा की पीर वाली गली की सोनी रानी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता विपिन कुमार GT रोड स्थित ओम ओवरसीज कंपनी में काम करते थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म कर साइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकले थे। जैसे ही विपिन कुमार GT रोड पर दीवाना रोड के पास फोर-लेन पर पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार JCB ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी ड्राइवर वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगने के बाद विपिन कुमार सड़क पर गिर गए और जेसीबी का भारी-भरकम टायर उनके ऊपर से गुजर गया।

सोनी रानी ने बताया कि उनके भाई की पहले ही मौत हो चुकी है और वे अब दो ही बहनें हैं, पिता ही परिवार का मुख्य सहारा थे। हादसे की सूचना मिलते ही सोनी अपने पति अजय सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंची, जहां उनके पिता का शव और क्षतिग्रस्त साइकिल सड़क पर पड़ी मिली। हादसे के बाद ड्राइवर जेसीबी को कुछ ही दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static