सोनीपत में डंपर चोरों ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, 2 ASI घायल;  पुलिस ने एक आरोपी दबोचा...दूसरा भागा

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 11:42 AM (IST)

सोनीपत : अंबाला से डंपर चुराकर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़ने के लिए मुरथल गांव के पास जानबूझकर पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में ASI युद्धवीर और सुमित को मामूली चोटें आईं। 

चोरी हुए डंपर का पीछा पुलिस की तीन गाड़ियां कर रही थीं। जब पुलिस की एक गाड़ी ने मुरथल के पास डंपर को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय गाड़ी को टक्कर मार दी और भाग गया।टक्कर लगने के बाद भी पुलिस ने पीछा नहीं छोड़ा। दो टीमों ने शहर में घेराबंदी करके आरोपी खालिद खान, जो अडबर, नूंह का रहने वाला है, को अग्रसेन चौक के पास डंपर के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी आरिफ डंपर से कूदकर भाग गया। 

डंपर ड्राइवर के पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की घटना CCTV में कैद हो गई। शुरुआती पूछताछ में खालिद ने यमुनानगर इलाके से पहले भी डंपर चुराने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मुरथल पुलिस स्टेशन में पुलिस टीम पर डंपर से कुचलने और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static