अंडरपास में मिला ई-रिक्शा चालक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:28 AM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): राजीव चौक अंडरपास में शुक्रवार शाम को एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान अवस्था में मिला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए रविवार रात उसने दम तोड़ दिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान भीमनगर निवासी 42 वर्षीय लवली के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने सड़क हादसे की बात को नकारते हुए सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम लवली अपनी ई-रिक्शा लेकर सोहना रोड की तरफ जाने के लिए निकले थे। इसके कुछ ही देर बाद वह राजीव चौक अंडरपास के भीतर लहूलुहान हालत में पड़े मिले। एक राहगीर ने सड़क पर पड़े घायल को देखकर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
घायल लवली ठीक अपनी ई-रिक्शा के आगे गिरे हुए थे, लेकिन ई-रिक्शा पर किसी टक्कर या दुर्घटना का कोई निशान नहीं था। लवली के मुंह से लगातार खून बह रहा था। इसके अलावा अस्पताल में डॉक्टरों ने पाया कि उनकी रीढ़ की हड्डी, गर्दन और सिर पर किसी भारी वस्तु या हमले के गंभीर चोट के निशान थे। अंडरपास के भीतर किसी अन्य वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने या स्किड होने के कोई पुख्ता प्रमाण शुरुआती जांच में नहीं मिले हैं। लवली की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस के सामने आशंका जताई है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं है, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि अंडरपास के भीतर किसी अज्ञात व्यक्ति या बदमाशों ने लवली को बेरहमी से चोट मारकर उनकी हत्या की है और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि परिजनों के आरोपों और घटनास्थल की स्थिति को ध्यान में रखकर हर एंगल से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और चोटों की प्रकृति का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर तुरंत उचित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब राजीव चौक अंडरपास और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।