रंजिश में युवक से मारपीट कर अपहरण, 4 आरोपियों को उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 08:45 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मारपीट की रंजिश रखते हुए एक युवक का अपहरण कर मारपीट कर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के गुमशुदा होने की शिकायत राजेंद्रा पार्क थाने को दी थी। जांच के दौरान पता लगा कि युवक का उसके चार दोस्तों ने अपहरण कर लिया और उसे उत्तर प्रदेश ले गए जहां उसे बंधक बनाने के साथ ही मारपीट भी की गई है। मामले में केस दर्ज करते हुए राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश में रेड करते हुए चार आरोपियों को काबू कर पीड़ित को बचाया है। आरोपियों की पहचान अभिलाष (उम्र 26 वर्ष), हैप्पी( उम्र 37 वर्ष), टोनी (उम्र 34 वर्ष) (तीनों निवासी जहाज़गढ़ जिला गुरुग्राम व  सतेन्द्र (उम्र 42 वर्ष) निवासी गांव असरोली, जिला बुलंदशहर (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि पीड़ित चंदन पांडे नशा करने का आदि है तथा इसकी मुलाकात अभिलाष, टोनी, सतेंद्र व हैप्पी नामक व्यक्तियों से हुई थी जो सभी नशा करने के आदि हैं। चंदन पांडे ने कुछ दिन पहले अभिलाष के साथ मारपीट की थी। जब 5 जून को चंदन पांडे आरोपी अभिलाष के घर गया तो मारपीट की रंजिश रखते हुए आरोपी अभिलाष, टोनी, सतेंद्र व हैप्पी ने चंदन पांडे के साथ मारपीट की तथा चंदन पांडे का अपहरण करके उसी की कार से उत्तर प्रदेश आरोपी सतेंद्र के घर ले गए तथा वहां पर चंदन पांडे के साथ मारपीट की और उसको बंधक बनाए रखा। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद 8 जून को अदालत में पेश कर आरोपी सतेंद्र और अभिलाष का 1 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया और आरोपी हैप्पी और टोनी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। आज दोनों आरोपियों का रिमांड पूरा होने के बाद उन्हें भी अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

आपको बता दें कि 5 जून को एक महिला ने थाना राजेंद्र पार्क में एक शिकायत दी थी कि उसके पति चन्दन पाण्डेय गुमशुदा हैं। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले में कार्यवाही करते हुए थाना राजेंद्र पार्क की पुलिस टीम ने चंदन पांडे की तलाश आरंभ की तथा पीड़ित को दि6 जून की रात को उत्तर प्रदेश से बरामद किया जहां पर पीड़ित चंदन पांडे को 4 व्यक्तियों द्वारा बंधक बनाया हुआ था। पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद मामले में अपहरण कर मारपीट करने संबंधित धाराओं को जोड़ दिया गया और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static