चढूनी की गिरफ्तारी का असर, किसानों ने रोड जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
punjabkesari.in Monday, Oct 04, 2021 - 10:41 PM (IST)

गोहाना/ फतेहाबाद(सुनील/रमेश): भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी के बाद किसानों में इसका असर दिखना शुरू हो गया है। हरियाणा के अलग-अलग जगहों पर किसानों ने चढूनी की गिरफ्तारी के विरोध में रोड जाम करना शुरू कर दिया है। सोमवार को देर शाम सोनीपत के गोहाना व फतेहाबाद में किसानों ने रोड जाम कर दिया।
गोहाना के गांव कथूरा में किसानों रूखी-महम रोड व गांव भैंसवाल में रोहतक-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। वहीं फतेहाबाद के नेशनल हाइवे-9 बायपास पर किसानों ने जाम लगा दिया है। किसानों की मांग है कि जब तक गुरनाम सिंह चढूनी को रिहा नहीं किया जाता तब उनका जाम जारी रहेगा। बता दें कि भारतीय किसान यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढूनी को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में गिरफ्तार कर लिया गया है।