यमुनानगर मे अकीदत के साथ मनी ईद उल अजहा,ईदगाहों में नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन की दुआ
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 10:56 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : हरियाणा के यमुनानगर में आज ईद उल अजहा का पर्व धार्मिक श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की ईदगाहों और विभिन्न मदरसों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नमाज के दौरान मुल्क में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी गई।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।ईदगाहों के बाहर लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस मौके पर मदरसों के इमामों और धर्मगुरुओं ने लोगों से शांतिपूर्वक और प्रेमभाव से त्योहार मनाने की अपील की। इमाम
अब्दुल सत्तार ने कहा कि ईद उल अजहा त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें जानवर की कुर्बानी की इजाजत देता है, लेकिन जिस जानवर की कुर्बानी की अनुमति नहीं है, उसकी कुर्बानी नहीं करनी चाहिए। इमाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए। सभी को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ इस त्योहार को मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ईद का असली संदेश इंसानियत, शांति और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना है। वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न ईदगाहों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहे ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।