क्रिकेट अकादमी में पिच रोलर से कुचला 8 साल का मासूम, मौत

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 06:57 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): कांकरोला स्थित श्री श्याम क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी में एक आठ वर्षीय बच्चे की पिच रोलर के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश कुमार के रूप में की है, जिसका परिवार बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उसके माता-पिता अपने सात बच्चों के साथ गुरुग्राम में रहते हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

स्क्रैप का काम करने वाले रतन का बड़ा बेटा नील, आकाश और कई अन्य बच्चे अकादमी के अंदर खेल रहे थे। अकादमी संचालक की तरफ से यहां पिच रोलर लापरवाही से खड़ा कर रखा था। इस रोलर का उपयोग अभ्यास पिच और जमीन को समतल करने के लिए किया जाता है। आशु नाम का शख्स इस अकादमी का मालिक बताया जा रहा है, जिसने यहां चार एकड़ में अकादमी बना रखी है। खेल-खेल में एक बच्चे ने गलती से मिनीएचर सर्किट ब्रेकर चालू कर दिया जिससे रोलर चलने लगा। उस समय इसकी निगरानी के लिए मौके पर कोई और मौजूद नहीं था। इसके बाद बच्चे रोलर को आगे-पीछे करने लगे। आकाश उसके सामने गिर गया और कुचल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। नील समेत अन्य तीन बच्चे मौके से भाग गए।

 

रतन ने बताया कि नील ने परिवार को एक घंटे बाद घटना की जानकारी दी, लेकिन शुरू में उसने बताया कि उसका भाई घायल हो गया है। उस समय हमें स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था और हम क्रिकेट अकादमी में उसकी तलाश करने लगे। हालांकि, उसी समय अकादमी पहुंचे कुछ खिलाड़ियों ने आकाश का कुचला हुआ शरीर जमीन पर पड़ा देखा और सबको सतर्क किया। उन्होंने किसी तरह एक वाहन का इंतजाम किया और उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

 

उन्होंने बताया कि परिवार को हादसे की गंभीरता और आकाश की मौत के बारे में दुर्घटना के लगभग एक घंटे बाद पता चला। शायद किसी के देखने से पहले वह कई मिनट तक घटनास्थल पर पड़ा रहा होगा। हम किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाना चाहते। यह एक आकस्मिक दुर्घटना थी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रणजीत के मुताबिक परिवार के सदस्यों को किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही का संदेह नहीं था, इसलिए उनके लिखित बयान के आधार पर इत्तेफाकन मौके के तहत जांच की गई। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

static