मानसिक प्रताड़ना से तंग महिला इंजीनियर फंदे पर झूली, पति के खिलाफ उकसाने का केस

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 11:03 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला इंजीनियर ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुष्मिता विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मायके पक्ष की शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मृतका सुष्मिता और उसका पति जयंत दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके के रहने वाले थे। दोनों ही पेशे से इंजीनियर थे और गुरुग्राम की एक नामी निजी कंपनी में काम करते थे। लगभग दो साल पहले ही दोनों का विवाह बड़े ही धूमधाम से हुआ था, जिसके बाद वे गुरुग्राम में आकर रहने लगे थे।

 

सुष्मिता की मौत की खबर मिलते ही लखनऊ से गुरुग्राम पहुंचे उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष और विशेषकर पति जयंत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायकेवालों का कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही जयंत और उसके परिवारवाले सुष्मिता को दहेज के लिए तंग करने लगे थे। आरोपी पति सुष्मिता के साथ अक्सर मारपीट करता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। सुष्मिता को बार-बार अपमानित किया जाता था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि पति की इसी रोज-रोज की प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर सुष्मिता ने आत्महत्या करने के लिए खौफनाक कदम उठाया।

 

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मायकेवालों के बयान के आधार पर आरोपी पति जयंत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-93 पुलिस चौकी के प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static