गुरुग्राम की PCPNDT टीम ने मेरठ में पकड़ा लिंग जांच रैकेट, पांच के खिलाफ केस
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 09:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुग्राम की PCPNDT टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित लिंग जांच रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सिविल सर्जन डॉ लोकवीर सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरुग्राम के अधिकारियों ने एक डिकॉय कस्टमर की मदद से यह रेड की है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

जांच के दौरान सामने आया कि सरधना स्थित केयर डायग्नोस्टिक सेंटर में दलाल नदीम गर्भवती महिलाओं से 15 से 20 हजार रुपये लेकर भ्रूण के लिंग की जानकारी उपलब्ध कराता था। आरोप है कि गर्भ में लड़की होने की स्थिति में गर्भपात कराने की व्यवस्था भी की जाती थी। 25 जून को गुरुग्राम और मेरठ स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने डिकॉय ग्राहक के माध्यम से कार्रवाई की।

टीम के अनुसार, महिला से 15 हजार रुपये लेकर उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया और बाद में उसे गर्भ में लड़का होने की जानकारी दी गई। इसके बाद टीम ने केंद्र पर छापा मारकर आरोपी नदीम और डॉ. कृष्ण कबीर को पकड़ लिया। मौके से 14,500 रुपये भी बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि संबंधित अल्ट्रासाउंड मशीन और चिकित्सक PCPNDT अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं थे। यह भी सामने आया कि संस्थान को पहले ही बंद करने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी जा चुकी थी। कार्रवाई के दौरान केंद्र से जुड़े योगेश, डॉ. एम. चंद्रा और डॉ. शैला रहमान के नाम भी सामने आए।
अधिकारियों ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी प्रयास किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार की शिकायत पर नदीम, डॉ. कृष्ण कबीर, योगेश, डॉ. एम. चंद्रा, डॉ. शैला रहमान समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं और PCPNDT अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की सिफारिश की गई है।