रोहतक में खूनी रंजिश: 4 बीघा जमीन के विवाद में किसान की ले ली जान, युवती समेत 8 पर केस
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 12:09 PM (IST)
रोहतक: चार बीघा जमीन को लेकर चल रही रंजिश में शुक्रवार रात महम चौबीसी के गांव मोखरा में किसान ओमबीर उर्फ ओमला (48) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव रात सवा 11 बजे गोगापीर मंदिर के गेट के सामने गली में पड़ा मिला।
किसान के बेटे विजय उर्फ सोनू के बयान पर बहुअकबरपुर थाने में युवती सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में गांव में शव का अंतिम संस्कार किया। मोखरा खेड़ी निवासी विजय उर्फ सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं। उनके पिता ओमबीर पांच भाई हैं।जयबीर, ऋषिनाथ और मनोज उनके पिता से छोटे हैं। उनके चाचा जयबीर ने गांव निवासी फूल सिंह की पत्नी बिमलेश को चार बीघा जमीन बेची थी।
इसी को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा है। अप्रैल में गेहूं की कटाई को भी लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। सोनू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे गांव के मोनू और सूरज ने बताया कि उनके पिता लहूलुहान हालत में गोगापीर मंदिर के सामने गली में पड़े हुए हैं।
मौके पर पहुंचा तो पिता के सिर से खून बह रहा था और वे दम तोड़ चुके थे। इस पर उनके साथी साहिल ने पुलिस को सूचना दी। विजय का आरोप है कि फूल सिंह, उनकी पत्नी बिमलेश, बेटे अजय व ललित, बेटी रिंपी, फूल सिंह के भाई माडू, माडू के बेटे मोनू व छोटू ने मिलकर रॉड और लाठी मारकर उसके पिता की हत्या की है। शनिवार को पीजीआई से शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शाम को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया।
चार बीघा जमीन को लेकर चल रही रंजिश में शुक्रवार रात महम चौबीसी के गांव मोखरा में किसान ओमबीर उर्फ ओमला (48) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव रात सवा 11 बजे गोगापीर मंदिर के गेट के सामने गली में पड़ा मिला।ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पहले ओमबीर के भाई जयबीर ने फूल सिंह के परिवार को 20 लाख में चार बीघा जमीन बेची थी। रजिस्ट्री फूल सिंह की पत्नी बिमलेश के नाम हुई थी। दूसरे पक्ष ने 15 लाख दे दिए। कहा कि पांच लाख रजिस्ट्री होते ही दे दूंगा। वे पैसे अब तक नहीं दिए।
अप्रैल में गेहूं कटाई को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इतना ही नहीं फूल सिंह के घर ठहरे पंजाब से कंबाइन लेकर आए तीन युवकों पर भी हमला किया गया था। अब हत्या के बाद रंजिश और आगे बढ़ गई है।