अनाज मंडी में गेहूं का धीमा उठान, आंधी व बारिश में किसान परेशान
punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2023 - 05:40 PM (IST)
सिरसा (सतनाम सिंह) : अनाज मंडियों में इन दिनों गेहूं का ढेर लगा हुआ है। मंडी में किसान भी अपनी फसल रोजाना लेकर आ रहे है। लेकिन मंडी में गेहूं के उठान की धीमी प्रकिया होने की वजह से किसान और आढ़ती परेशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में बारिश में मौसम के चलते आढ़तियों और किसानों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। हालांकि मंडी में गेहूं के उठान की प्रक्रिया को तेज करने का दावा जिला प्रशासन और मार्केट कमेटी के अधिकारी बार बार कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद मंडी गेहूं की बोरियों से भरी पड़ी है। आने जाने वाहनों के लिए बमुश्किल रास्ता मिलता है। कई बार तो काफी देर तक वाहन मंडी में फंस भी जाते हैं। किसानों और आढ़तियों का आरोप है कि मंडी में धीमी गति से गेहूं के उठान होने की वजह से किसान मंडी में अपनी गेहूं की फसल नहीं ला पा रहा है।
मंडी में पांव रखने का स्थान नहीं
मंडी में शेड व सड़कें फसल से अट चुकीं हैं। मंडी में पांव रखने का स्थान भी शेष नहीं रहा। आस-पास के इलाकों में किसान गेहूं की फसल रखने को मजबूर हो रहे हैं। मंडी में पहुंच रहे किसान फसल के लिए जगह नहीं होने व रास्ता जाम होने पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
मौसम की मार सहने को मजबूर किसान
मंडी में गेहूं की फसल लेकर आए किसानों का कहना है कि मंडी में अब गेहूं का उठान धीमी गति से हो रहा है। जिसकी वजह से जगह कम हो गई है। दूसरे किसान भी गेहूं की फसल मंडी में नहीं ला पा रहे है। खुले आसमान के नीचे फसल रखकर किसान मौसम की मार झेल रहा है। रात को भी अंधड़ व बरसात से फसल भीग गई। खुले में पड़ी फसल को बेसहारा पशु भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ट्रकों की संख्या कम होने के कारण उठान धीमा होने से परेशानी ज्यादा बढ़ गई है।
FCI विभाग वापस लौटा रहा ट्रक
वहीं हरियाणा मंडी एसोसिएशन के उप प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि मंडी में गेहूं के उठान की धीमी प्रक्रिया से आढ़तियों और किसानों को परेशानियां हो रहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो भी गेहूं का उठान मंडी से हो रहा है। उसको FCI विभाग के अधिकारी उठान किए गए ट्रक या ट्राली को गेहूं में कमी निकाल के वापस मंडी में भेज देते हैं। जिससे आढ़तियों को अतिरिक्त बोझ झेलना पड़ रहा है। उठान धीमा रहा है। इसके पीछे ट्रकों की संख्या कम होना है। प्रेम बजाज ने हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द मंडी में गेहूं के उठान करने की प्रक्रिया को तेज करने की मांग की है ताकि मंडी में जगह बन सके और ज्यादा से ज्यादा किसान मंडी में गेहूं की फसल सही समय पर ला सके।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)