घर में सो रहे ससुर की सिर में डंडा मारकर हत्या, वारदात के बाद पत्नी को भी फोन पर दी धमकी

punjabkesari.in Thursday, Jan 03, 2019 - 10:18 AM (IST)

सोनीपत: शहर के ब्रह्मनगर में घर के अंदर सो रहे बुजुर्ग की उसके दामाद ने सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। बुजुर्ग की हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को फोन कर हत्या करना कबूल किया और उसे व उसके भाई को भी मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ  हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। 

ब्रह्मनगर निवासी सरदार सिंह (57) रविवार रात को अपने घर के अंदर बने कमरे में सो रहा था। सोमवार सुबह परिजन उसे उठाने गए तो वह नहीं उठे। जिस पर उन्होंने देखा कि सरदार सिंह के सिर में चोट लगी थी। उन्होंने समझा कि चारपाई से गिरने से चोटिल हो गए। वह उन्हें लेकर काठमंडी स्थित एक निजी अस्पताल में गए। वहां से उनका सिटी स्कैन करवाने को कहा गया। जिस पर परिजनों ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित अस्पताल में उनका सिटी स्कैन करवाया। जहां उनके सिर में गंभीर चोट लगी होने का पता लगा। वहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया गया। पी.जी.आई. में सरदार सिंह की दोपहर को मौत हो गई। जिस पर परिजनों ने शव को सोनीपत लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। 

सरदार सिंह की बेटी अपने पति से अनबन के चलते एक साल से अपने मायके में रह रही है। मोनिका के पास उसके पति झज्जर के गांव मुनसा निवासी लाल सिंह उर्फ राजू ने फोन कर बताया कि उसके पिता को उसने मार दिया है। मोनिका ने मामले से परिजनों को अवगत करवाया और पुलिस को रिकॉर्डिंग सौंप दी। रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने लाल सिंह उर्फ  राजू के खिलाफ  हत्या व हत्या प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। 

नशे की लत थी अनबन का कारण
मोनिका ने पुलिस को बताया कि लाल सिंह के साथ उसकी शादी वर्ष 2005 में हुई थी। उसे लाल सिंह से 3 बच्चे जिसमें 2 लड़के व एक लड़की है। लाल सिंह शराब पीने का आदी है। जिसके चलते उनमें अक्सर अनबन रहती थी। उसका पति मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। जिससे तंग आकर वह एक साल से अपने मायके में आकर रह रही है।  

सुरेश कुमार, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत
बुजुर्ग की मौत के मामले में उसकी बेटी ने अपने पति पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। उसने इसे लेकर मोबाइल फोन की रिकॉर्डिंग भी दी है। जिसके आधार पर हत्या व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static