पॉश सेक्टर के घर में लगी आग, 4 को किया रेस्क्यू
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 03:53 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पॉश सेक्टर-28 के एक घर में आज दोपहर को आग लग गई। आग लगने के कारण चार लोग घर के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम सहित एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद न केवल आग पर काबू पाया बल्कि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सूचना दोपहर करीब 1 बजकर 29 मिनट पर मिली कि सेक्टर-28 के एक घर में आग लग गई है। इस घर में चार लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर भेजा गया। टीम ने करीब एक घंटे में आग बुझाते हुए बिल्डिंग के अंदर फंसे चारों लोगों को रेस्क्यू कर लिया। इस सूचना पर मौके पर स्थानीय थाना पुलिस सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और यहां लगी लोगों की भीड़ काे मौके से हटाया।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट तक आग पूरी तरह से बुझ गई और गाड़ियां वापस आ गई। यह आग घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक पैनल में लगी थी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई है। आग केवल ग्राउंड फ्लोर पर थी, लेकिन इसकी लपटें दूसरी मंजिल तक जा रही थी जिसके कारण बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ था। समय रहते दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में ग्राउंड फ्लोर पर रखे फ्रिज, एसी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। बिल्डिंग में फंसे चारों लोगों को छत पर भेज दिया गया था जिन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।