झुग्गियों में लगी आग, एक व्यक्ति जिंदा जला
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 10:16 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): सेक्टर-53 स्थित खाली जमीन पर बनी झुग्गियों में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक 24 वर्षीय प्रवासी श्रमिक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रोबिन दास के रूप में हुई है। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ। सेक्टर 53 की खाली जमीन पर बनी दर्जनों झुग्गियों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उस समय लगा कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए हैं, लेकिन सुबह एक खौफनाक सच सामने आया।
बुधवार तड़के जब पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीमें घटनास्थल का मुआयना कर रही थीं, तब मलबे के बीच एक झुग्गी से जला हुआ शव बरामद हुआ। पास में रहने वाले अन्य श्रमिकों और गांव के लोगों ने शव की पहचान रोबिन दास के रूप में की। बताया जा रहा है कि रोबिन दिहाड़ी मजदूरी करता था और हादसे के वक्त अपनी झुग्गी में गहरी नींद में सोया हुआ था, जिस कारण वह बाहर नहीं निकल सका। प्रारंभिक जांच में दमकल विभाग और पुलिस आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट मान रही है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। जांच अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से लग रहा है, लेकिन जांच जारी है।